Riyasat Vithika Raipur: छत्तीसगढ़ की 14 रियासतों का गौरवशाली इतिहास अब एक ही छत के नीचे दिखेगा, सरकार बनाएगी ‘रियासत वीथिका’…NV News

Share this

NV News रायपुर: छत्तीसगढ़ की पूर्ववर्ती 14 रियासतों के गौरवशाली इतिहास, राजसी परंपराओं और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को एक ही छत के नीचे सहेजने के लिए राज्य सरकार ने एक अनूठी पहल की है। प्रदेश सरकार इन रियासतों से जुड़ी दुर्लभ धरोहरों को प्रदर्शित करने के लिए ‘रियासत वीथिका’ (Heritage Gallery) स्थापित करने जा रही है।

इस वीथिका में विभिन्न राजपरिवारों के निजी संग्रहों, महलों, संग्रहालयों और अभिलेखागारों में लंबे समय से संरक्षित ऐतिहासिक अस्त्र-शस्त्र, मुहरों, सिक्कों, पारंपरिक वेशभूषा और दस्तावेजों को एक मंच पर प्रदर्शित किया जाएगा। इससे न केवल नई पीढ़ी को प्रदेश के राजसी अतीत और संस्कृति को करीब से जानने का अवसर मिलेगा, बल्कि छत्तीसगढ़ के पर्यटन मानचित्र पर एक नया और भव्य आकर्षण भी जुड़ेगा।

राजपरिवारों के प्रतिनिधियों के साथ हुई उच्चस्तरीय बैठक

इस योजना को मूर्त रूप देने के लिए रायपुर के उद्योग भवन स्थित पर्यटन मंडल के सभाकक्ष में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में पर्यटन एवं संस्कृति विभाग के अधिकारियों ने पावर प्वाइंट प्रेजेंटेशन (PPT) के माध्यम से प्रस्तावित ‘रियासत वीथिका’ की पूरी कार्ययोजना राजपरिवारों के वंशजों और प्रतिनिधियों के सामने रखी तथा उनसे बहुमूल्य सुझाव लिए।

  • सरकार का मुख्य उद्देश्य राजपरिवारों की सक्रिय सहभागिता और मार्गदर्शन से इन ऐतिहासिक धरोहरों का वैज्ञानिक ढंग से संरक्षण, दस्तावेजीकरण और प्रभावी प्रदर्शन सुनिश्चित करना है, ताकि छत्तीसगढ़ की ऐतिहासिक पहचान को और अधिक मजबूती मिल सके।
Share this

You may have missed