सचिन तेंदुलकर का बस्तर दौरा: मैदान पर ग्रामीण बच्चों संग दिखाएंगे क्रिकेट का जलवा…NV News
Share this
NV News- भारतीय क्रिकेट के महान खिलाड़ी और ‘क्रिकेट के भगवान’ कहे जाने वाले सचिन तेंदुलकर जल्द ही छत्तीसगढ़ की धरती पर कदम रखेंगे। सचिन 22 अप्रैल को दंतेवाड़ा जिले के प्रवास पर रहेंगे, जहां वे अबूझमाढ़ के समीप इंद्रावती नदी किनारे स्थित ग्राम छिंदनार में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में सम्मिलित होंगे। इस विशेष दौरे के दौरान सचिन तेंदुलकर स्थानीय बच्चों के साथ क्रिकेट खेलते हुए नजर आएंगे, जो क्षेत्र के उभरते खिलाड़ियों और युवाओं के लिए एक यादगार पल होगा।
इस ऐतिहासिक दौरे में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय भी उनके साथ मौजूद रहेंगे। सचिन तेंदुलकर का बस्तर आना न केवल खेल जगत के लिए, बल्कि जनजातीय क्षेत्रों के विकास और पर्यटन को बढ़ावा देने की दृष्टि से भी काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। मुख्यमंत्री के साथ उनकी यह मौजूदगी स्थानीय निवासियों और विशेष रूप से खेल प्रेमियों में भारी उत्साह पैदा कर रही है, जिससे बस्तर क्षेत्र की सकारात्मक छवि पूरे देश में जाएगी।
सचिन का बच्चों के साथ क्रिकेट खेलना ग्रामीण प्रतिभाओं का मनोबल बढ़ाने के साथ-साथ छत्तीसगढ़ में खेल गतिविधियों को नई दिशा देने का काम करेगा। दंतेवाड़ा प्रशासन और स्थानीय निवासियों ने ‘मास्टर ब्लास्टर’ के स्वागत के लिए व्यापक तैयारियां की हैं। 22 अप्रैल को छिंदनार में आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम को लेकर पूरे बस्तर अंचल में खुशी का माहौल है और सभी उनके स्वागत के लिए उत्सुक हैं।
