जशपुर में दर्दनाक सड़क हादसे का खुलासा: ट्रेलर चालक रियाजुद्दीन गिरफ्तार, हादसे में 5 युवकों की गई थी जान
Share this
जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में हुए दर्दनाक सड़क हादसे के आरोपी ट्रेलर चालक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी का नाम रियाजुद्दीन (42 वर्ष) है, जो हजारीबाग (झारखंड) का रहने वाला है। दो दिन पहले हुए भीषण एक्सीडेंट में कार में सवार 5 युवकों की मौके पर ही मौत हो गई थी। घटना के बाद से आरोपी फरार था, जिसे पुलिस ने दुलदुला क्षेत्र से हिरासत में लिया।
कैसे हुआ था हादसा?
6 और 7 दिसंबर की दरमियानी रात नेशनल हाइवे 43 के पंडरी पानी मोड़ पर ट्रेलर (क्रमांक NL-01-AB 5953) और आई-20 कार की जोरदार भिड़ंत हो गई थी। ट्रेलर मुंबई से लोड लेकर पश्चिम बंगाल जा रहा था। तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाते हुए चालक ने सामने से आ रही कार को जोरदार टक्कर मारी।
हादसे के बाद स्थानीय ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को एम्बुलेंस से अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने सभी 5 युवकों को मृत घोषित कर दिया।
मृतकों की पहचान
1. अंकित तिग्गा, 16 वर्ष
2. राधेश्याम यादव, 26 वर्ष
3. उदय चौहान, 18 वर्ष
4. दीपक प्रधान, 18 वर्ष
5. सागर तिर्की, 22 वर्ष
सभी मृतक ग्राम खटंगा, थाना दुलदुला के निवासी थे।
पुलिस ने ऐसे किया आरोपी को गिरफ्तार
पुलिस ने बीएनएस की धारा 281, 106(1) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की थी। आरोपी घटना के बाद फरार हो गया था। लगातार खोजबीन के बाद पुलिस ने उसे दुलदुला क्षेत्र से पकड़ लिया। ट्रेलर भी जब्त कर लिया गया है।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह मुंबई से लोहे-सीमेंट की इंडस्ट्रियल पाइप लेकर पश्चिम बंगाल जा रहा था, इसी दौरान तेज और लापरवाहीपूर्वक ट्रेलर चलाते हुए उसने कार को टक्कर मार दी।
अधिकारियों ने निभाई महत्वपूर्ण भूमिका आरोपी को पकड़ने में थाना दुलदुला के
- निरीक्षक कृष्ण कुमार साहू
- प्रधान आरक्षक मोहन बंजारे
- आरक्षक अलेक्सियूस तिग्गा
- आरक्षक अकबर चौहान
की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
एसएसपी जशपुर का बयान
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने बताया कि
दुलदुला क्षेत्र में हुई दुर्घटना के आरोपी ट्रेलर चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है। विधि अनुसार कार्रवाई की जा रही है।
