Religious conversion dispute: धार्मिक विवाद में बढ़ा तनाव, तोड़फोड़ के आरोपियों की गिरफ्तारी के विरोध में थाने के बाहर हंगामा
Share this
रायपुर। कांकेर जिले के आमाबेड़ा में धर्मांतरित महिला के शव को दफ़नाने को लेकर दो समुदायों के बीच विवाद खड़ा हो गया था। इस घटना के विरोध में छत्तीसगढ़ सर्व समाज ने 24 दिसंबर को प्रदेशव्यापी बंद का आह्वान किया था।
बंद के दौरान रायपुर में प्रदर्शन कर रहे कुछ लोगों ने तेलीबांधा स्थित मैग्नेटो मॉल में घुसकर क्रिसमस के अवसर पर की गई सजावट में तोड़फोड़ की थी। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ, जिसके बाद मामला तूल पकड़ गया।
वीडियो सामने आने के बाद तेलीबांधा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सात आरोपियों को गिरफ्तार किया था। गिरफ्तारी के विरोध में शनिवार को बजरंग दल के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में तेलीबांधा थाने पहुंचे और सामूहिक गिरफ्तारी की मांग करते हुए सड़क पर बैठकर प्रदर्शन शुरू कर दिया।
प्रदर्शन के कारण तेलीबांधा क्षेत्र की सड़क पर लंबा जाम लग गया, जिससे आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। मौके पर पुलिस बल तैनात है और कार्यकर्ताओं को समझाइश देकर सड़क से हटाने तथा यातायात सुचारु करने का प्रयास किया जा रहा है।
फिलहाल थाने के सामने सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद हैं और गिरफ्तार किए गए लोगों को रिहा करने की मांग पर अड़े हुए हैं। पुलिस प्रशासन पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है।
