RCB का ‘छत्तीसगढ़िया अवतार’: विराट की टीम ने चखा कांदा भाजी का स्वाद, तीखुर शरबत के मुरीद हुए खिलाड़ी…NV News
Share this
NV News- Raipur छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर का शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम इन दिनों रॉयल चैलेंजर्स बंगलुरू (RCB) के फैंस के जोश से सराबोर है। लेकिन शनिवार को मैदान के बाहर एक अलग ही नजारा देखने को मिला, जब RCB के स्टार क्रिकेटर्स पर छत्तीसगढ़िया संस्कृति का जादू सिर चढ़कर बोला।
मैच की तैयारियों के बीच खिलाड़ियों ने छत्तीसगढ़ के पारंपरिक जायके का लुत्फ उठाया। RCB के प्लेयर्स ने विशेष रूप से तैयार की गई कांदा भाजी, चरोटा भाजी और स्वास्थ्यवर्धक रागी के व्यंजनों का स्वाद लिया। इतना ही नहीं, खिलाड़ियों को बस्तर का प्रसिद्ध और प्राकृतिक तीखुर शरबत बेहद पसंद आया, जिसकी ठंडक ने रायपुर की गर्मी में उन्हें ताजगी का अहसास कराया।
खाने-पीने के साथ-साथ टीम के सदस्यों ने छत्तीसगढ़ के समृद्ध लोक संगीत और नृत्य का भी भरपूर आनंद लिया। स्थानीय कलाकारों की प्रस्तुति देख खिलाड़ी खुद को थिरकने से नहीं रोक पाए। क्रिकेट के इस महाकुंभ के बीच छत्तीसगढ़ की मेहमाननवाजी और यहां के ‘गढ़बो नवा छत्तीसगढ़’ के खान-पान ने अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों का दिल जीत लिया है।
रायपुर में RCB का यह ‘देसी’ अंदाज सोशल मीडिया पर भी खूब वायरल हो रहा है, जिससे प्रदेश के पर्यटन और पारंपरिक व्यंजनों को एक नई पहचान मिल रही है।

