सिस्टम की बेबसी: अधिकारी के पैरों में गिरे राष्ट्रपति के ‘दत्तक पुत्र’, दंडवत होकर मांगी छत…NV News
Share this
NV News- छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले से मानवता को विचलित कर देने वाली एक तस्वीर सामने आई है, जहां अपनी एक अदद छत के लिए राष्ट्रपति के दत्तक पुत्र कहे जाने वाले कमार जनजाति के एक आदिवासी दंपती को सरकारी तंत्र के सामने घुटने टेकने पड़े। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में दंपती जिला पंचायत सीईओ के पैरों पर गिरकर और दंडवत प्रणाम कर प्रधानमंत्री आवास की गुहार लगाते नजर आ रहे हैं।
यह मार्मिक वाकया तब हुआ जब यह आदिवासी दंपती अपनी फरियाद लेकर अधिकारी के पास पहुंचा। बताया जा रहा है कि पति-पत्नी लंबे समय तक जंगल में रहते थे। जब वे गांव लौटे, तो उनके पास रहने के लिए घर नहीं था। उन्होंने कई बार आवेदन दिया, दफ्तरों के चक्कर काटे, लेकिन जब सिस्टम ने उनकी सुध नहीं ली, तो थक-हारकर उन्होंने अधिकारी के पैरों में गिरकर अपनी बेबसी जाहिर की।
कमार जनजाति छत्तीसगढ़ की विशेष रूप से संरक्षित जनजातियों में से एक है, जिन्हें ‘राष्ट्रपति का दत्तक पुत्र’ माना जाता है। इनके उत्थान के लिए सरकार करोड़ों की योजनाएं चलाने का दावा करती है, लेकिन गरियाबंद की इस तस्वीर ने जमीनी हकीकत की पोल खोल दी है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि कैसे बेबस आदिवासी दंपती जमीन पर लेटकर अधिकारी से घर की मांग कर रहे हैं।
इस घटना के सामने आने के बाद प्रशासनिक संवेदनशीलता पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। लोग पूछ रहे हैं कि क्या अब गरीबों को अपना हक पाने के लिए इसी तरह दंडवत होना पड़ेगा? फिलहाल, वीडियो वायरल होने के बाद मामले में विभागीय सक्रियता बढ़ने की उम्मीद जताई जा रही है।

