पानी के लिए हाहाकार: खाली मटके लेकर सड़क पर उतरी जनता, नगर निगम पर लगाया समस्या को नजरअंदाज करने का आरोप…NV News
Share this
रायपुर। राजधानी के पश्चिम विधानसभा क्षेत्र में भीषण गर्मी के बीच पानी की किल्लत ने विकराल रूप ले लिया है। गुढ़ियारी, अशोक नगर और बजरंग चौक जैसे इलाकों में पिछले कई दिनों से नल सूखे पड़े हैं, जिससे नाराज कांग्रेस कार्यकर्ताओं और स्थानीय निवासियों ने नगर निगम जोन-8 कार्यालय का घेराव कर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों का नेतृत्व कर रहे सुबोध ने नगर निगम प्रशासन पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि जनता बूंद-बूंद पानी को तरस रही है, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी इस गंभीर समस्या को पूरी तरह नजरअंदाज कर रहे हैं।
वार्ड क्रमांक 19, दुर्गा चौक और बड़ा अशोक नगर की बस्तियों में हालात इतने बदतर हो गए हैं कि लोगों को दैनिक कार्यों के लिए भी पानी नसीब नहीं हो रहा है। महिलाओं ने खाली मटके फोड़कर अपना विरोध जताया और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि पाइपलाइन विस्तार और मेंटेनेंस के नाम पर केवल खानापूर्ति की जा रही है, जबकि जमीनी हकीकत में सप्लाई पूरी तरह ठप है। कई क्षेत्रों में टैंकरों के माध्यम से भी पर्याप्त पानी नहीं पहुंच पा रहा है।
सुबोध ने प्रदर्शन के दौरान चेतावनी दी कि अगर अगले 48 घंटों के भीतर जल आपूर्ति सुचारू नहीं की गई, तो कांग्रेस कार्यकर्ता उग्र आंदोलन करेंगे और नगर निगम मुख्यालय का घेराव करेंगे। उन्होंने कहा कि सत्ता पक्ष के जनप्रतिनिधि केवल विज्ञापनों में विकास की बात कर रहे हैं, जबकि राजधानी की प्यासी जनता सड़क पर उतरने को मजबूर है। लोगों का कहना है कि जल संकट के कारण उनका बजट भी बिगड़ रहा है क्योंकि उन्हें पीने के पानी के लिए बाहर से जार खरीदने पड़ रहे हैं।
जोन कार्यालय में हंगामे के बाद प्रशासनिक अधिकारियों ने जल्द ही समस्या के निराकरण का आश्वासन दिया है। हालांकि, स्थानीय लोगों का कहना है कि हर साल गर्मी में यही स्थिति बनती है और आश्वासन के सिवाय उन्हें कुछ नहीं मिलता। इस विरोध प्रदर्शन में बड़ी संख्या में वार्डवासी और कांग्रेस के स्थानीय पदाधिकारी शामिल रहे, जिन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक हर घर तक पानी नहीं पहुंचता, उनका संघर्ष जारी रहेगा।
