समर्पण के बाद नक्सलियों के ठिकानों का खुलासा, दंतेवाड़ा के जंगलों से भारी विस्फोटक बरामद…NV News
Share this
NV News- जगदलपुर (दंतेवाड़ा): छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित बस्तर संभाग के दंतेवाड़ा जिले में सुरक्षा बलों को एक बड़ी कामयाबी मिली है। हाल ही में हुए नक्सलियों के समर्पण के बाद मिले खुफिया इनपुट के आधार पर सुरक्षा बलों ने बारसूर थाना क्षेत्र के तोडमा गांव के जंगलों में सर्च ऑपरेशन चलाया। इस दौरान नक्सलियों द्वारा जमीन के नीचे छिपाकर रखा गया विस्फोटकों का एक बड़ा जखीरा (डंप) बरामद किया गया। यह संयुक्त कार्रवाई CRPF की 195वीं वाहिनी और जिला पुलिस द्वारा अंजाम दी गई।
सुरक्षा बलों के अनुसार, सरेंडर कर चुके नक्सलियों से पूछताछ के दौरान इस गुप्त ठिकाने के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी मिली थी। बरामद किए गए डंप में भारी मात्रा में जिलेटिन रॉड्स, डेटोनेटर, बिजली के तार और अन्य विस्फोटक सामग्री शामिल है, जिसका उपयोग नक्सली सुरक्षा बलों को नुकसान पहुँचाने और बड़ी वारदातों को अंजाम देने के लिए करने वाले थे। समय रहते इस बरामदगी से नक्सलियों की एक बड़ी साजिश को नाकाम कर दिया गया है।
नक्सल विरोधी अभियान के तहत दंतेवाड़ा पुलिस और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल लगातार अंदरूनी इलाकों में सक्रिय हैं। अधिकारियों का कहना है कि समर्पण नीति के प्रभावी क्रियान्वयन से नक्सली संगठन कमजोर हो रहे हैं और अब पूर्व कैडर ही सुरक्षा बलों को नक्सलियों के सप्लाई नेटवर्क और डंप की सटीक जानकारी दे रहे हैं। फिलहाल, सुरक्षा बलों ने बरामद विस्फोटकों को सुरक्षित तरीके से नष्ट करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है और क्षेत्र में सर्चिंग अभियान और तेज कर दिया गया है।
