Railway Expansion in Chhattisgarh: छत्तीसगढ़ में रेल कनेक्टिविटी को मिली ऐतिहासिक रफ्तार, रावघाट पहली बार जुड़ा रेल नेटवर्क से; रायपुर-कुरूद ट्रेन का भी हुआ शुभारंभ…NV News

Share this

NV News: छत्तीसगढ़ में रेलवे अधोसंरचना और कनेक्टिविटी के विस्तार की दिशा में मंगलवार का दिन एक ऐतिहासिक मील का पत्थर साबित हुआ। राज्य में दो नई यात्री ट्रेन सेवाओं की औपचारिक शुरुआत करते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने रायपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-7 पर आयोजित कार्यक्रम में इन्हें हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कार्यक्रम से जुड़े। इस खास अवसर पर ताड़ोकी-रावघाट नई रेल लाइन और अभनपुर-कुरूद ब्रॉडगेज रेलखंड का भव्य उद्घाटन किया गया, जिससे दक्षिण छत्तीसगढ़ और बस्तर क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी।

रावघाट पहली बार रेल नेटवर्क से जुड़ा

इस महत्वपूर्ण विस्तार के तहत रावघाट पहली बार आधिकारिक तौर पर देश के रेल नेटवर्क से जुड़ गया है। रायपुर-रावघाट और रायपुर-कुरूद के बीच इन नई यात्री सेवाओं के शुरू होने से विद्यार्थियों, नौकरीपेशा वर्ग, किसानों, व्यापारियों और आम यात्रियों को राजधानी रायपुर के साथ सीधी और सुगम कनेक्टिविटी मिल गई है। कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय रेल मंत्री ने आने वाले समय में छत्तीसगढ़ के लिए 100 नई ट्रेनें शुरू करने की संभावना भी जताई, जिससे राज्य के परिवहन ढांचे में क्रांतिकारी बदलाव आएगा। वहीं, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने भरोसा दिलाया कि आगामी दिनों में इस रेल सेवा का विस्तार धमतरी तक किया जाएगा।

133 करोड़ की लोको मेंटेनेंस फैसिलिटी का शिलान्यास

यात्री सेवाओं के साथ-साथ रेलवे के तकनीकी और औद्योगिक विकास की दिशा में भी बड़ा कदम उठाया गया है। रायपुर में लगभग 133 करोड़ रुपये की लागत से तैयार होने वाली अत्याधुनिक इलेक्ट्रिक रेल इंजन मेंटेनेंस फैसिलिटी (लोको मेंटेनेंस) का शिलान्यास किया गया। इस हाई-टेक मेंटेनेंस सुविधा के बनने से बड़ी संख्या में हाई-पावर इलेक्ट्रिक इंजनों का रखरखाव स्थानीय स्तर पर हो सकेगा, जिससे रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे और छत्तीसगढ़ रेलवे के क्षेत्र में एक प्रमुख हब के रूप में उभरेगा।

Share this

You may have missed