बिलासपुर में गुपचुप खाने से एक ही परिवार के 7 सदस्यों की बिगड़ी तबीयत, तीन बच्चों की हालत गंभीर; सिम्स अस्पताल में इलाज जारी…NV News

Share this

NV News: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले से फूड पॉइजनिंग का एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां ठेले पर गुपचुप खाने के बाद एक ही परिवार के सात सदस्यों की अचानक तबीयत बिगड़ गई। सभी को आनन-फानन में सिम्स (SIMS) अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उनका इलाज चल रहा है। इस घटना में तीन बच्चों की हालत ज्यादा गंभीर बताई जा रही है, जिनमें से छह साल के एक बच्चे को एहतियात के तौर पर एनआईसीयू (NICU) में रखा गया है, हालांकि उसकी स्थिति फिलहाल स्थिर है।

सीएमडी कॉलेज के पास खाया था गुपचुप

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सकरी थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले परसदा गांव के रहने वाले महेश साहू अपनी पत्नी संतोषी साहू और परिवार के अन्य बच्चों के साथ घूमने के लिए बिलासपुर आए थे। इस दौरान अष्टमी की रात परिवार के सभी सदस्यों ने सीएमडी कॉलेज के पास स्थित एक ठेले पर गुपचुप खाया था और इसके बाद अपने घर लौट गए।

सुबह उठते ही शुरू हुई उल्टी और बेचैनी

गुपचुप खाने के अगले दिन सुबह होते ही परिवार के सदस्यों को लगातार उल्टी, दस्त और पेट दर्द की शिकायत होने लगी। देखते ही देखते परिवार के सात लोगों की तबीयत काफी बिगड़ गई। परिवार में हड़कंप मच जाने के बाद सभी पीड़ितों को तुरंत उपचार के लिए सिम्स अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों की टीम सभी मरीजों के स्वास्थ्य पर लगातार नजर बनाए हुए है और फूड पॉइजनिंग के कारणों की जांच की जा रही है।

Share this

You may have missed