Railway Accident: सीमेंट से लदी मालगाड़ी पटरी से उतरी, 17 बोगियां बेपटरी, रेल परिचालन ठप

Share this

जमुई (बिहार)। बिहार के जमुई जिले में देर रात करीब 12 बजे एक बड़ा रेल हादसा हो गया। सीमेंट से लदी एक मालगाड़ी की 17 बोगियां अचानक पटरी से उतर गईं। हादसे में 3 बोगियां बधुआ नदी में गिर गईं, 2 बोगियां पलट गईं, जबकि 12 बोगियां आपस में एक-दूसरे पर चढ़ गईं। यह दुर्घटना जसीडीह–झाझा रेल खंड के टेलवा बाजार हॉल्ट के पास बधुआ नदी पर बने पुल संख्या 676 पर हुई। मालगाड़ी जसीडीह से झाझा की ओर जा रही थी।

 

हादसे के बाद रेलवे परिचालन पूरी तरह प्रभावित हो गया है। डाउन ट्रैक पर डिब्बे गिरने से रात 12 बजे से ही ट्रेनों का आवागमन बाधित हो गया। कई मेल, एक्सप्रेस, पैसेंजर और मालगाड़ियों को झाझा और जसीडीह स्टेशनों पर रोक दिया गया है। पूर्व रेलवे और पूर्व मध्य रेलवे ने बुलेटिन जारी कर बताया कि कुछ ट्रेनों को वैकल्पिक मार्ग से डायवर्ट किया गया है।

 

सूचना मिलते ही रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी, आरपीएफ और जीआरपी की टीमें मौके पर पहुंच गईं। नदी में गिरी बोगियों को क्रेन की मदद से बाहर निकालने और क्षतिग्रस्त डिब्बों को हटाने का काम युद्ध स्तर पर जारी है। रेलवे प्रशासन ने हादसे की उच्चस्तरीय जांच के आदेश दे दिए हैं।

 

रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा पर निकलने से पहले ट्रेन की स्थिति की जानकारी अवश्य लें। ट्रेनों के संचालन, डायवर्जन और वैकल्पिक व्यवस्था की जानकारी रेलवे बुलेटिन, IVRS/139 और नजदीकी स्टेशन से प्राप्त की जा सकती है। रेल मार्ग को जल्द से जल्द दुरुस्त कर यातायात सामान्य करने के प्रयास किए जा रहे हैं।

Share this

You may have missed