Public Safety: नए साल के जश्न पर पुलिस अलर्ट, 800 से ज्यादा जवान तैनात, ड्रोन से होगी निगरानी

Share this

बिलासपुर। नए साल के जश्न के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। एसएसपी रजनेश सिंह ने बताया कि किसी भी तरह की अव्यवस्था, हुड़दंग या आपराधिक गतिविधियों को रोकने के लिए जिलेभर में कड़े सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। इस दौरान लगभग 100 होमगार्ड जवानों के साथ 800 से अधिक पुलिस अधिकारी व कर्मचारी ड्यूटी पर तैनात रहेंगे।

 

शहर के प्रमुख चौक-चौराहों, सार्वजनिक एवं धार्मिक स्थलों, होटल, रिसार्ट, ढाबों और पार्टी आयोजनों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। भीड़-भाड़ वाले इलाकों में ड्रोन कैमरों और इंटरसेप्टर वाहनों की मदद से नजर रखी जाएगी, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई की जा सके। आपात स्थिति में डायल 112 के माध्यम से तत्काल पुलिस सहायता उपलब्ध रहेगी।

पुलिस ने होटल, रिसार्ट और पार्टी आयोजकों को स्पष्ट निर्देश जारी किए हैं कि नए साल के आयोजनों के दौरान शासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन किया जाए। नियमों का उल्लंघन करने पर आयोजकों के खिलाफ कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

ग्रामीण क्षेत्रों में भी सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया गया है। धार्मिक स्थलों के आसपास अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। इसके साथ ही शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ विशेष चेकिंग अभियान चलाया जाएगा। ब्रेथ एनालाइजर से जांच कर नियम तोड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

हुड़दंग या शांति भंग करने वालों पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 189 के तहत कार्रवाई होगी। लापरवाही से वाहन चलाने पर मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 184 के तहत वाहन जब्ती का प्रावधान है, जबकि नशे में वाहन चलाने पर धारा 185 के तहत जेल और जुर्माना लगाया जाएगा।

 

देर रात तक डीजे पर रोक

तेज आवाज में डीजे या लाउडस्पीकर बजाने पर कोलाहल नियंत्रण अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी। साइलेंसर हटाकर वाहन चलाने, ट्रिपल राइडिंग और अन्य यातायात नियमों के उल्लंघन पर भी मोटर व्हीकल एक्ट के तहत चालानी कार्रवाई होगी। अवैध हथियार रखने या उपद्रव करने वालों पर बीएनएस की धारा 74 और 79 के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

एसएसपी रजनेश सिंह ने आम नागरिकों से अपील की है कि नए साल का जश्न जिम्मेदारी और संयम के साथ मनाएं, नियमों का पालन करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि शहर सुरक्षित और अपराधमुक्त बना रहे।

 

Share this

You may have missed