Protest news: जिंदल कोयला खदान आंदोलन ने लिया उग्र रूप, ग्रामीणों का पुलिस पर हमला, बस–कार फूंकी

Share this

रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में जिंदल कोयला खदान के विरोध में चल रहा आंदोलन अचानक उग्र हो गया। आंदोलनरत ग्रामीणों ने पुलिस टीम पर हमला कर दिया, जिसमें थाना प्रभारी कमला पुसाम गंभीर रूप से घायल हो गईं। उन्हें तत्काल उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

 

घटना के दौरान प्रदर्शनकारियों ने मौके पर खड़ी एक बस और एक कार में आग लगा दी, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। हालात की गंभीरता को देखते हुए भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक स्वयं मौके के लिए रवाना हो गए।

 

दरअसल, रायगढ़ जिले में 8 दिसंबर को जिंदल कोयला खदान परियोजना को लेकर हुई जनसुनवाई को ग्रामीण नियमविरुद्ध बता रहे हैं। इसी मुद्दे को लेकर तमनार क्षेत्र के मनार सीएचपी चौक पर लगातार विरोध प्रदर्शन किया जा रहा था।

आज भी ग्रामीण आंदोलन कर रहे थे, तभी प्रदर्शन को समाप्त कराने के लिए पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस को देखते ही प्रदर्शनकारी भड़क उठे और उन पर हमला कर दिया। हमले में टीआई कमला पुसाम को गंभीर चोटें आईं।

 

 

स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। प्रशासन हालात पर नजर बनाए हुए है।

Share this

You may have missed