बस्तर में ‘बस्तर तिरंगा यात्रा’ का शंखनाद: डिप्टी सीएम विजय शर्मा की अगुवाई में नक्सलमुक्त गांवों से गुजरी भव्य बाइक रैली…NV News
Share this
NV News रायपुर/जगदलपुर, 12 अगस्त। स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग में 12 अगस्त से तीन दिवसीय भव्य ‘बस्तर तिरंगा यात्रा’ का शंखनाद हो गया है। प्रदेश के उपमुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री विजय शर्मा की अगुवाई में निकाली जा रही यह मोटरसाइकिल रैली बस्तर के उन दुर्गम और नक्सलमुक्त गांवों से होकर गुजर रही है, जो कभी माओवादी दहशत और हिंसा के गढ़ माने जाते थे। यात्रा का मुख्य उद्देश्य वनांचल क्षेत्र में राष्ट्रभक्ति की अलख जगाने के साथ-साथ बस्तर में स्थापित हो रही शांति, सुरक्षा और विकास का संदेश जन-जन तक पहुंचाना है।
यह तिरंगा यात्रा 12 अगस्त को नारायणपुर से प्रारंभ होकर धौड़ाई, कन्हारगांव, बारसूर और सातधार होते हुए दंतेवाड़ा पहुंचेगी। इसके बाद आगामी दिनों में यह रैली सुकमा और बीजापुर के अति संवेदनशील इलाकों जैसे सिलगेर, टेकलगुड़ेम, जगरगुंडा और मिनपा-टाड़मेटला से गुजरते हुए कुर्रेगुट्टालु पहाड़ी तक जाएगी। यात्रा के दौरान माओवादी हिंसा में जान गंवाने वाले निर्दोष ग्रामीणों तथा सर्वोच्च बलिदान देने वाले अमर शहीद जवानों से जुड़े 31 प्रमुख स्थानों पर श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी और ‘एक पेड़ शहीदों के नाम’ अभियान के तहत पौधरोपण भी किया जाएगा।
गृह मंत्री विजय शर्मा ने कहा कि राज्य में चलाए जा रहे नक्सल विरोधी अभियानों के ऐतिहासिक और सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं। इस स्वतंत्रता दिवस पर बस्तर संभाग के 90 से अधिक ऐसे सुदूर गांवों में पहली बार राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाएगा, जहां आजादी के बाद से आज तक कभी तिरंगा नहीं फहराया गया था। स्थानीय ग्रामीणों, युवाओं और कार्यकर्ताओं में इस तिरंगा यात्रा को लेकर भारी उत्साह देखा जा रहा है और जगह-जगह ‘भारत माता की जय’ तथा ‘वंदे मातरम’ के नारों के साथ बाइक रैली का भव्य स्वागत किया जा रहा है।

