राष्ट्रपति से भेंट कर लौटे प्रतिभावान विद्यार्थियों ने मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय से की सौजन्य मुलाकात…NV News

Share this

NV News रायपुर, 1 सितंबर 2026। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से मुलाकात कर लौटे छत्तीसगढ़ के प्रतिभावान विद्यार्थियों और शिक्षकों ने मंगलवार को मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में सौजन्य भेंट की। विद्यार्थियों ने राष्ट्रपति भवन की यात्रा, राष्ट्रपति के साथ हुए संवाद और वहां मिले प्रोत्साहन से जुड़े अपने अनुभव मुख्यमंत्री के साथ साझा किए। मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि राष्ट्रपति भवन में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करना पूरे प्रदेश के लिए गौरव की बात है।

विद्यार्थियों ने बताया कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने उनसे आत्मीयता से बातचीत की और उनकी पढ़ाई, रुचियों तथा भविष्य की योजनाओं के बारे में जानकारी ली। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ के बच्चों में प्रतिभा और संभावनाओं की कमी नहीं है। उन्हें सही अवसर और प्रोत्साहन मिले तो वे हर क्षेत्र में प्रदेश का नाम रोशन कर सकते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से मेहनत के साथ पढ़ाई जारी रखने और जीवन में बड़े लक्ष्य निर्धारित करने का आह्वान किया।

राष्ट्रपति ने CWSN विद्यार्थी को बांधी राखी

रक्षाबंधन के अवसर पर राष्ट्रपति भवन में हुई मुलाकात का सबसे भावुक क्षण तब आया, जब राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने CWSN विद्यार्थी नुकेश कुमार वर्मा को स्वयं राखी बांधी। राष्ट्रपति का यह स्नेह विद्यार्थियों और शिक्षकों के लिए यादगार बन गया। इस अवसर पर राष्ट्रपति ने बच्चों को आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित भी किया।

राष्ट्रपति भवन में गूंजा छत्तीसगढ़ का सुवा नृत्य

विद्यार्थियों ने राष्ट्रपति भवन में छत्तीसगढ़ की पारंपरिक लोक संस्कृति की झलक भी प्रस्तुत की। छात्राओं ने सुवा नृत्य की मनमोहक प्रस्तुति दी, जिसकी राष्ट्रपति ने सराहना की। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि लोक संस्कृति प्रदेश की पहचान और अमूल्य धरोहर है। नई पीढ़ी जब इसे देश के प्रतिष्ठित मंचों तक पहुंचाती है तो छत्तीसगढ़ की परंपराओं को नई पहचान मिलती है।

मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों से राष्ट्रपति से मिले प्रोत्साहन और यात्रा के अनुभवों को भविष्य की प्रेरणा बनाने की अपील की। उन्होंने सभी के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि विद्यार्थी आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ें और अपनी उपलब्धियों से परिवार, छत्तीसगढ़ और देश को गौरवान्वित करें।

राष्ट्रपति से मुलाकात करने वाले विद्यार्थियों में नारायणपुर की राजवती पोयाम, सुकमा के हिमांशु ठाकुर, दुर्ग की पायल राजानी, महासमुंद की रागनी साहू, रायपुर के नुकेश कुमार वर्मा तथा महासमुंद के दुर्गेश साहू और डिगेश सेन शामिल थे। इस अवसर पर डॉ. मुक्ति बैस और चंद्रशेखर मिथलेश भी उपस्थित रहे।

Share this

You may have missed