Police News: साल के अंतिम दिन पुलिस महकमे में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, इतने अधिकारियों के तबादले
Share this
रायपुर। साल के अंतिम दिन जिला पुलिस प्रशासन में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। एसएसपी रायपुर ने देर रात तबादलों के आदेश जारी करते हुए मैदानी इलाकों में पदस्थ 119 पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों का स्थानांतरण किया है। इस व्यापक फेरबदल को कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।
जारी तबादला आदेश के अनुसार सूची में 4 टीआई, 18 एसआई और 37 एएसआई समेत बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी शामिल हैं। इस प्रशासनिक बदलाव के तहत जिले के तीन थानों के प्रभारी भी बदले गए हैं, जिससे पुलिस व्यवस्था में नई ऊर्जा आने की उम्मीद जताई जा रही है।
तबादला आदेश के तहत सतीश सिंह गहरवार को कोतवाली थाना का नया टीआई नियुक्त किया गया है। वहीं एस.एन. सिंह को कबीर नगर थाना की कमान सौंपी गई है।
इसके अलावा सुनील दास को गंज थाना टीआई का नया प्रभार दिया गया है, जबकि भावेश गौतम को ट्रैफिक टीआई की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
पुलिस प्रशासन द्वारा किए गए इस बड़े फेरबदल को अनुशासन सुदृढ़ करने, कार्यक्षमता बढ़ाने और अपराध नियंत्रण को प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। अधिकारियों से उम्मीद की जा रही है कि नए प्रभार के साथ वे बेहतर पुलिसिंग सुनिश्चित करेंगे।

