गो-तस्करी के झूठे शक में दरिंदगी: शिक्षक का घरेलू सामान ला रहे पिकअप चालक को बेरहमी से पीटा…NV News

Share this

NV News कोरबा: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले से गो-तस्करी के झूठे संदेह में एक पिकअप चालक के साथ बेरहमी से मारपीट का सनसनीखेज मामला सामने आया है। जशपुर से एक शिक्षक का घरेलू सामान लोड करके कोरबा आ रहे बेकसूर चालक को सिविल लाइन थाना क्षेत्र में कुछ असामाजिक तत्वों ने रास्ते में रोक लिया। युवकों ने वाहन में गो-तस्करी का झूठा शक जताते हुए चालक पर लाठी-डंडों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इस बर्बरतापूर्ण हमले में चालक के सिर, चेहरे और पीठ पर गंभीर चोटें आई हैं।

घटना की जानकारी मिलते ही पीड़ित चालक ने मामले की शिकायत पुलिस में दर्ज कराई। पीड़ित ने बताया कि वह केवल घर बदलने का सामान परिवहन कर रहा था, लेकिन आरोपियों ने बिना कुछ सुने और बिना वाहन की जांच किए उस पर जानलेवा हमला कर दिया। घटना के बाद से ही इलाके के ट्रक और पिकअप चालकों में भारी आक्रोश है और उन्होंने आरोपियों के खिलाफ तत्काल सख्त कार्रवाई की मांग की है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए सिविल लाइन थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया है। पुलिस ने पीड़ित का मुलाहजा (मेडिकल चेकअप) कराने के बाद हमलावरों की पहचान और तलाश के लिए विशेष टीमें गठित कर दी हैं। पुलिस अधिकारियों का साफ कहना है कि कानून को हाथ में लेने वाले किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा और जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।

Share this

You may have missed