नाले पर अवैध कब्जों पर चला बुलडोजर, होटल पुनीत के सामने 6 से ज्यादा अवैध पाट ध्वस्त…NV News

Share this

NV News रायपुर। राजधानी रायपुर के पंडरी क्षेत्र में नगर निगम ने नाले पर किए गए अवैध अतिक्रमण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए होटल पुनीत और आसपास की दुकानों के सामने बने आधा दर्जन से अधिक अवैध पाटों को जेसीबी मशीन से ध्वस्त कर दिया। यह कार्रवाई महापौर मीनल चौबे और आयुक्त संबित मिश्रा के निर्देश पर जोन-2 नगर निवेश विभाग की टीम ने अभियान चलाकर की।

नगर निगम के अधिकारियों के अनुसार, नाले पर बनाए गए अवैध पाटों के कारण सफाई कार्य पूरी तरह प्रभावित हो रहा था और बारिश के दौरान जलभराव की गंभीर समस्या उत्पन्न हो रही थी। कार्रवाई के दौरान अतिक्रमण हटाकर नाले की सफाई कराई गई, जिससे गंदे पानी की निकासी को सुचारु बनाने की दिशा में काम किया गया।

नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि शहर में नालों पर किए गए अवैध कब्जों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। अधिकारियों ने कहा कि जलभराव की समस्या से राहत दिलाने और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए सभी अवैध पाटों को चरणबद्ध तरीके से हटाया जाएगा।

Share this