पहले मेरा नार्को कराओ, फिर विधायक और उनकी बहन का’: नायब तहसीलदार तुषार मानिक ने फेंका नया पासा, हड़ताल तेज…NV News
Share this
NV News- छत्तीसगढ़ के सरगुजा संभाग से शुरू हुआ प्रशासनिक और राजनीतिक गतिरोध अब और गहरा गया है। सीतापुर विधायक रामकुमार टोप्पो और उनके समर्थकों पर मारपीट का आरोप लगाने वाले नायब तहसीलदार तुषार मानिक ने अब इस पूरे विवाद में एक नया और बड़ा पासा फेंक दिया है। शासकीय कार्य का बहिष्कार कर हड़ताल पर बैठे नायब तहसीलदार ने शासन-प्रशासन से इस संवेदनशील मामले की सच्चाई सामने लाने के लिए नार्को टेस्ट (Narco Test) कराने की लिखित मांग की है। उनका एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
नायब तहसीलदार तुषार मानिक ने पूरी बेबाकी से मीडिया के सामने कहा कि इस मामले में दूध का दूध और पानी का पानी करने के लिए वैज्ञानिक जांच जरूरी है। उन्होंने मांग की है कि प्रशासन सबसे पहले उनका खुद का नार्को टेस्ट कराए, और उसके ठीक बाद सीतापुर के भाजपा विधायक रामकुमार टोप्पो, उनकी बहन सीमा धनकी और घटना के समय मौजूद एक अन्य महिला का भी नार्को टेस्ट कराया जाए। उनका दावा है कि इस टेस्ट से यह पूरी तरह साफ हो जाएगा कि शासकीय दफ्तर में बदतमीजी किसने की थी और मारपीट की घटना के पीछे असली सच्चाई क्या है।
गौरतलब है कि राजापुर उपतहसील में हुए इस हाईप्रोफाइल विवाद में दोनों ही पक्षों की ओर से एक-दूसरे के खिलाफ पुलिस में एफआईआर दर्ज कराई जा चुकी है। जहाँ विधायक पक्ष का आरोप है कि अधिकारी ने महिला से अभद्र व्यवहार किया, वहीं राजस्व अधिकारियों का कहना है कि विधायक और उनके लोगों ने कार्यपालिक मजिस्ट्रेट पर जानलेवा हमला किया। इस बीच, आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से नाराज होकर आज (1 जून) से पूरे सरगुजा जिले समेत प्रदेशभर के तहसीलदार और नायब तहसीलदार कामबंद और कलमबंद अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले गए हैं, जिससे छत्तीसगढ़ में जमीनी स्तर का पूरा प्रशासनिक कामकाज ठप हो गया है।

