‘दुर्व्यवहार करने वाला बख्शा नहीं जाएगा’: बीजेपी नेता को उंगली दिखाने वाले दुर्ग CEO पर बरसी गाज, सीएम साय के कड़े रुख के बाद कमिश्नर ने किया सस्पेंड…NV News
Share this
NV News- छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में ‘सुशासन तिहार’ के मंच पर भाजपा नेता और प्रशासनिक अधिकारी के बीच हुआ विवाद अब पूरी तरह से राजनीतिक रंग ले चुका है। जनसमस्या निवारण शिविर के दौरान सत्ताधारी दल के नेता को उंगली दिखाने और अशिष्ट व्यवहार करने के आरोप में घिरे जनपद पंचायत दुर्ग के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (CEO) रूपेश पांडे पर गाज गिर गई है। दुर्ग कलेक्टर अभिजीत सिंह के कड़े प्रस्ताव पर संज्ञान लेते हुए संभागीय आयुक्त (कमिश्नर) ने सीईओ रूपेश पांडे को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने का आधिकारिक आदेश जारी कर दिया है।
इस पूरे मामले पर प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बेहद कड़ा और स्पष्ट संदेश दिया है। मुख्यमंत्री ने दो टूक शब्दों में कहा है कि जनता के काम के लिए लगाए गए शिविरों में जनप्रतिनिधियों या आम जनता के साथ किसी भी स्तर पर दुर्व्यवहार करने वाले अधिकारी-कर्मचारी को कतई बख्शा नहीं जाएगा। शासन ने साफ कर दिया है कि सिविल सेवा नियमों का उल्लंघन और अनुशासनहीनता करने वाले अधिकारियों के खिलाफ इसी तरह त्वरित और सख्त कार्रवाई की जाएगी।
यह पूरा घटनाक्रम 29 मई को ग्राम थनौद में आयोजित सरकारी कार्यक्रम के दौरान हुआ था, जहाँ अंजोरा निकुम भाजपा मंडल के महामंत्री पुराण देशमुख और सीईओ रूपेश पांडे के बीच किसी बात को लेकर तीखी बहस हो गई थी। आरोप है कि बहस के दौरान अधिकारी ने मर्यादा लांघते हुए नेताजी को उंगली दिखाई और अमर्यादित आचरण किया। इस घटना का वीडियो और शिकायत आलाकमान तक पहुँचने के बाद शासन ने इसे गंभीरता से लिया। निलंबन की इस त्वरित कार्रवाई ने राज्य के प्रशासनिक अमले को यह साफ संदेश दे दिया है कि ‘सुशासन’ के दावों के बीच किसी भी तरह की प्रशासनिक हठधर्मी स्वीकार नहीं की जाएगी।

