रफ्तार का कहर: मस्तूरी NH-49 पर कार की टक्कर से बाइक सवार बिजली मिस्त्री की दर्दनाक मौत, चालक फरार…NV News

Share this

NV News- बिलासपुर: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के मस्तूरी थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले नेशनल हाईवे 49 (NH-49) पर बुधवार की देर रात एक भीषण और दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। यहाँ एक तेज रफ्तार बलेनो कार ने मोटरसाइकिल सवार एक युवक को इतनी जोरदार टक्कर मारी कि उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान पेशे से बिजली मिस्त्री (इलेक्ट्रीशियन) के रूप में हुई है। इस रोंगटे खड़े कर देने वाले हादसे के बाद हाईवे पर अफरा-तफरी का माहौल निर्मित हो गया, वहीं युवक की मौत की खबर से उसके परिजनों में कोहराम मच गया है।

मिली प्राथमिक जानकारी के अनुसार, बिजली मिस्त्री बुधवार देर रात अपनी बाइक से काम निपटाकर घर लौट रहा था। इसी दौरान मस्तूरी एनएच-49 पर सामने से आ रही अनियंत्रित और अत्यधिक तेज रफ्तार बलेनो कार के चालक ने लापरवाही पूर्वक वाहन चलाते हुए बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भयानक थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और युवक हवा में कई फीट उछलकर सड़क पर दूर जा गिरा। सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आने के कारण अत्यधिक खून बह जाने से युवक ने घटनास्थल पर ही तड़प-तड़प कर दम तोड़ दिया।

हादसे को अंजाम देने के बाद आरोपी कार चालक वाहन समेत मौके से फरार होने में कामयाब रहा। राहगीरों की सूचना पर मस्तूरी थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए मर्चुरी भिजवाया। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना करने के बाद अज्ञात आरोपी कार चालक के खिलाफ तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस द्वारा हाईवे पर लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि फरार बलेनो कार और उसके चालक की पहचान कर उसे जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जा सके।

Share this

You may have missed