बिलासपुर रेल हादसे पर बड़ा एक्शन: DRM हटाए गए, उमेश कुमार को मिली जिम्मेदारी

Share this

बिलासपुर। बीते दिनों बिलासपुर में हुए गंभीर रेल हादसे के बाद रेलवे प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। इस घटना के बाद बिलासपुर मंडल के डीआरएम राजमल खोईवाल को हटा दिया गया है। उनकी जगह उमेश कुमार को नया डीआरएम नियुक्त किया गया है। रेलवे बोर्ड के डायरेक्टर द्वारा इस संबंध में आदेश जारी कर दिए गए हैं। उमेश कुमार का तबादला वेस्टर्न रेलवे से दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे (SECR) में किया गया है।

 

4 नवंबर के हादसे में गई थीं 12 जानें

गौरतलब है कि 4 नवंबर को छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में हुए ट्रेन हादसे में 12 यात्रियों की मौत हो गई थी। हादसे की जांच रिपोर्ट में कई चौंकाने वाले तथ्यों का खुलासा हुआ है।

कमिशन ऑफ रेलवे सेफ्टी (CRS) की प्रारंभिक रिपोर्ट में रेल प्रशासन की गंभीर लापरवाही को हादसे का प्रमुख कारण बताया गया है। रिपोर्ट के अनुसार, रेलवे अधिकारियों और सिस्टम की कमजोर व्यवस्था की वजह से यह दुर्घटना हुई।

 

3 दिनों तक हुई व्यापक जांच

दक्षिण-पूर्व सर्किल, कोलकाता के रेल सुरक्षा आयुक्त बीके मिश्रा ने घटना स्थल का निरीक्षण कर तीन दिन तक लगातार जांच की। उन्होंने इलेक्ट्रिकल, एसएंडटी, मैकेनिकल, सीएंडडब्ल्यू समेत कई विभागों के अफसरों और कर्मचारियों से पूछताछ की।

प्रारंभिक रिपोर्ट में बताया गया है कि हादसे का मुख्य कारण अप्रशिक्षित असिस्टेंट लोको पायलट को ट्रेन चलाने की जिम्मेदारी देना था। ड्राइवर साइको टेस्ट में पास नहीं हुआ था, फिर भी उसे यात्री ट्रेन की जिम्मेदारी दी गई।

 

मुख्य आरोपी ALP रश्मि राज से 2 घंटे पूछताछ

हादसे के लगभग 20 दिन बाद रेल सुरक्षा आयुक्त बीके मिश्रा ने मामले की मुख्य आरोपी मेमू ट्रेन की असिस्टेंट लोको पायलट रश्मि राज से बिलासपुर स्थित केंद्रीय रेलवे अस्पताल में दो घंटे तक पूछताछ की।

 

सोमवार देर रात भेजी प्रारंभिक रिपोर्ट में आयुक्त ने स्पष्ट उल्लेख किया—

“हादसे की पूरी जिम्मेदारी रेल प्रशासन की है। गलत तरीके से ड्राइवर की पोस्टिंग की गई, जिससे यह बड़ी मानव त्रासदी हुई।”

 

आगामी हादसों को रोकने के लिए सुझाव

रेल सुरक्षा आयुक्त ने यह भी कहा कि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए सभी मॉनिटरिंग और रिकॉर्डिंग सिस्टम की घड़ियों को जीपीएस समय के साथ ऑटो-समन्वित किया जाए। उन्होंने ट्रेन परिचालन को और अधिक सुरक्षित और सुगम बनाने पर जोर दिया।

Share this

You may have missed