Local News : बीईओ दफ्तर की लेट-लतीफी पर भड़के शिक्षक, जुलाई का वेतन न मिलने पर उग्र आंदोलन का अल्टीमेटम…NV News
Share this
NV News मालखरौदा, 4 अगस्त। सक्ती जिले के मालखरौदा विकासखंड शिक्षा अधिकारी (BEO) कार्यालय की अव्यवस्था और लापरवाही के खिलाफ शिक्षकों एवं विभागीय कर्मचारियों का गुस्सा फूट पड़ा है। कार्यालय में पदस्थ संबंधित बाबू की लापरवाही के चलते समय पर वेतन और पेंशन का भुगतान नहीं होने से सैकड़ों शिक्षक और कर्मचारी आर्थिक तंगी झेलने को मजबूर हैं। नाराज कर्मचारियों ने जल्द भुगतान न होने की स्थिति में उग्र आंदोलन करने की चेतावनी दी है।
कर्मचारियों का आरोप है कि शासन के स्पष्ट दिशानिर्देशों के बावजूद जुलाई माह का वेतन बिल समय पर कोषालय (ट्रेजरी) में प्रस्तुत नहीं किया गया। इसके चलते अगस्त की शुरुआत हो जाने के बाद भी शिक्षकों के बैंक खातों में वेतन की राशि जमा नहीं हो सकी है। समय पर वेतन न मिलने के कारण कर्मचारियों के बैंक लोन की ईएमआई, बच्चों की स्कूल-कॉलेज की फीस और घर के राशन जैसे जरूरी खर्चे अटक गए हैं, जिससे परिवारों के सामने गहरा संकट खड़ा हो गया है।
शिक्षकों और पेंशनभोगियों का कहना है कि बीईओ कार्यालय में लेट-लतीफी और लापरवाही अब आम बात हो चुकी है, जिसके कारण आए दिन उन्हें अपने ही हक के पैसों के लिए भटकना पड़ता है। पीड़ित शिक्षकों ने मामले में जिला प्रशासन और वरिष्ठ शिक्षा अधिकारियों से हस्तक्षेप करते हुए दोषी कर्मचारियों पर सख्त दंडात्मक कार्रवाई करने और तत्काल रुका हुआ वेतन जारी करने की मांग की है।

