राष्ट्रीय पुलिस अकादमी में कोंडागांव एसपी पंकज चंद्रा का जलवा, देशभर के टॉप-5 अधिकारियों में बनाई जगह…NV News

Share this

NV News कोंडागांव। जिले के पुलिस अधीक्षक पंकज चंद्रा (आईपीएस) ने अपनी उत्कृष्ट कार्यशैली, समर्पण और कुशल नेतृत्व क्षमता का परिचय देते हुए राष्ट्रीय स्तर पर छत्तीसगढ़ पुलिस और कोंडागांव का मान बढ़ाया है। हैदराबाद स्थित सरदार वल्लभभाई पटेल राष्ट्रीय पुलिस अकादमी द्वारा आयोजित 48वें आईपीएस इंडक्शन ट्रेनिंग कोर्स में शानदार प्रदर्शन करते हुए उन्होंने देशभर के शीर्ष 5 अधिकारियों में अपनी जगह बनाई है। इस उल्लेखनीय उपलब्धि के लिए अकादमी द्वारा उन्हें प्रतिष्ठित ‘हाई अचीवमेंट अवार्ड’ (High Achievement Certificate) से सम्मानित किया गया है।

कड़े प्रशिक्षण और दक्षता के आधार पर दिए जाने वाले इस प्रतिष्ठित पाठ्यक्रम में देशभर के विभिन्न राज्यों के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने भाग लिया था। प्रशिक्षण के दौरान कानून व्यवस्था, आधुनिक अनुसंधान तकनीकों, रणनीतिक प्रबंधन और शारीरिक व मानसिक दक्षता के विभिन्न मापदंडों पर पंकज चंद्रा का प्रदर्शन उत्कृष्ट रहा। उनकी इस सफलता ने न केवल उनके व्यक्तिगत सेवा रिकॉर्ड को गौरवान्वित किया है, बल्कि राज्य पुलिस बल की दक्षता और प्रशासनिक क्षमता की छाप भी राष्ट्रीय स्तर पर छोड़ी है।

शुभचिंतकों और पुलिस अधिकारियों ने पंकज चंद्रा को इस बड़ी राष्ट्रीय उपलब्धि पर बधाई दी है। बस्तर अंचल के चुनौतीपूर्ण क्षेत्रों में कानून व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ पुलिसिंग में नवाचार और जन-संवाद स्थापित करने के लिए वे जाने जाते हैं। राष्ट्रीय पुलिस अकादमी से मिले इस विशेष सम्मान के बाद जिला पुलिस बल में भारी उत्साह है और इसे पूरे छत्तीसगढ़ राज्य के लिए एक गौरवपूर्ण क्षण माना जा रहा है।

Share this