CG Ration Card: नया राशन कार्ड बनवाने का पोर्टल खुला, आधार-बैंक खाते समेत देनी होगी जरूरी जानकारी…NV News
Share this
NV News दुर्ग। छत्तीसगढ़ में नया राशन कार्ड बनवाने और पुराने राशन कार्ड में संशोधन कराने के लिए खाद्य विभाग का ऑनलाइन पोर्टल फिर से खोल दिया गया है। आवेदकों को अब पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन करना होगा। नए राशन कार्ड के आवेदन में करीब 40 अलग-अलग बिंदुओं पर जानकारी मांगी जा रही है।
नया राशन कार्ड बनवाने के लिए आवेदक को अपनी व्यक्तिगत और पारिवारिक जानकारी के साथ आधार नंबर, बैंक खाता नंबर और जाति प्रमाण पत्र से संबंधित दस्तावेज उपलब्ध कराने होंगे। आवश्यक दस्तावेजों को स्कैन कर ऑनलाइन आवेदन के साथ अपलोड करना होगा।
आवेदन प्रक्रिया में परिवार के सदस्यों से जुड़ी जानकारी समेत अन्य जरूरी विवरण भी मांगे जा रहे हैं। विभाग की ओर से निर्धारित प्रारूप में सभी जानकारी सही तरीके से भरना जरूरी होगा, ताकि आवेदन की प्रक्रिया में किसी तरह की परेशानी न आए।
नए राशन कार्ड के लिए जरूरी दस्तावेज उपलब्ध नहीं होने पर आवेदन पूरा करने में दिक्कत हो सकती है। ऐसे में आवेदकों को ऑनलाइन आवेदन करने से पहले सभी आवश्यक दस्तावेज और उनकी स्कैन कॉपी तैयार रखने की सलाह दी गई है।

