लोक निर्माण विभाग के सचिव ने जेलों में निर्माणाधीन कार्यों की प्रगति की समीक्षा की….NV News

Share this

NV News रायपुर। लोक निर्माण विभाग के सचिव मुकेश कुमार बंसल ने प्रदेश की विभिन्न जेलों में निर्माणाधीन विकास एवं विस्तार कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। पीडब्लूडी मुख्यालय ‘निर्माण भवन’ में आयोजित इस बैठक में उन्होंने जिलों के कार्यपालन अभियंताओं, जेल अधीक्षकों और ठेकेदारों को आपस में बेहतर समन्वय बनाकर निर्माण कार्यों में तेजी लाने और उन्हें जल्द से जल्द पूरा करने के कड़े निर्देश दिए। समीक्षा बैठक में जेल एवं सुधारात्मक सेवाओं के महानिदेशक हिमांशु गुप्ता और लोक निर्माण विभाग के प्रमुख अभियंता वी.के. भतपहरी प्रत्यक्ष रूप से शामिल हुए, जबकि विभिन्न संभागों के अधिकारी और ठेकेदार वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े।

सुरक्षा मानकों और गुणवत्ता पर विशेष जोर देते हुए सचिव मुकेश कुमार बंसल ने बैरकों, बाउंड्रीवॉल्स, शौचालयों तथा वॉच टॉवर्स के निर्माण की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्माण स्थलों का नियमित निरीक्षण करने और कड़ाई से मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए। साथ ही कार्यपालन अभियंताओं और जेल अधीक्षकों को सुरक्षा मानकों को ध्यान में रखते हुए परिसर के भीतर निर्माण सामग्री के सुचारू परिवहन और श्रमिकों को पर्याप्त कार्य समय उपलब्ध कराने को कहा। महानिदेशक हिमांशु गुप्ता ने बताया कि वर्तमान में जेलों में कैदियों की संख्या क्षमता से अधिक है, ऐसे में नए बैरकों के बनने से बड़ी राहत मिलेगी।

विभिन्न जिलों के कार्यों की समीक्षा करते हुए रायपुर केंद्रीय जेल में पार्किंग, पाठशाला व मुलाकाती शेड, बिलासपुर के नगोई में 1500 क्षमता वाली विशेष जेल, धमतरी व गरियाबंद में बाउंड्रीवॉल और जांजगीर, रामानुजगंज, सूरजपुर, कांकेर, संजारी-बालोद तथा सारंगढ़ में नए बैरक निर्माण की प्रगति पर चर्चा की गई। इसके अलावा कवर्धा में मुख्य दीवार की ऊंचाई बढ़ाने, अंबिकापुर और जगदलपुर में बैरक व शौचालय, दंतेवाड़ा में शौचालय निर्माण तथा सुकमा और बीजापुर में वॉच टॉवर व कंसर्टीना वायर फेंसिंग के कार्यों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्ता के साथ पूर्ण करने के दिशा-निर्देश जारी किए गए।

Share this