Jashpur Mobile Medical Units : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जशपुर में भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी की 4 मोबाइल मेडिकल यूनिट का किया शुभारंभ, हाट-बाजारों में मिलेगी निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाएं…NV News
Share this
NV News: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जशपुर प्रवास के दौरान विश्राम गृह परिसर में भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी की 4 मोबाइल मेडिकल यूनिट (MMU) का औपचारिक शुभारंभ किया है। इन मोबाइल मेडिकल यूनिट्स के जरिए जिले के दूरस्थ एवं ग्रामीण अंचलों में रहने वाले नागरिकों को उनके नजदीकी हाट-बाजारों में ही निःशुल्क स्वास्थ्य सुविधाएं और जांच की सुविधा मिल सकेगी। यह पहल विशेष रूप से उन वनांचलों के लिए वरदान साबित होगी जहां लोगों को इलाज के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ती है।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि प्रदेश सरकार का यह दृढ़ संकल्प है कि गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। विशेषकर जनजातीय बहुल क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं के अभाव में किसी भी नागरिक को उपचार से वंचित न रहना पड़े, इसके लिए सरकार निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि हाट-बाजार ग्रामीण जीवन का केंद्र होते हैं, और वहां स्वास्थ्य सुविधाएं मिलने से ग्रामीणों के समय और पैसे दोनों की बचत होगी।
इस अवसर पर रायगढ़ सांसद राधेश्याम राठिया, जशपुर विधायक रायमुनि भगत, पत्थलगांव विधायक गोमती साय, सरगुजा संभागायुक्त नरेन्द्र दुग्गा, आईजी दीपक कुमार झा, कलेक्टर रोहित व्यास, और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह सहित कई गणमान्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

