Jashpur Community Hall Inauguration : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जशपुर में 1.35 करोड़ रुपए के पंडित रामचंद्र पौराणिक सामुदायिक भवन का किया लोकार्पण….NV News
Share this
NV News: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज जशपुर शहर में 1 करोड़ 35 लाख 85 हजार रुपए की लागत से नवनिर्मित पंडित रामचंद्र पौराणिक सामुदायिक भवन का लोकार्पण कर शहरवासियों को एक महत्वपूर्ण सौगात दी है। शहर के मध्य में निर्मित यह सर्वसुविधायुक्त भवन अब सामाजिक, सांस्कृतिक एवं पारिवारिक आयोजनों के लिए एक प्रमुख केंद्र के रूप में उपयोगी साबित होगा। इस दौरान मुख्यमंत्री ने उत्तर जशपुर क्षेत्र में एक और नए सामुदायिक भवन के निर्माण के लिए 30 लाख रुपए की घोषणा भी की।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि राज्य सरकार आम नागरिकों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए अधोसंरचना विकास को निरंतर प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने कहा कि सामुदायिक भवनों का निर्माण केवल बुनियादी सुविधाओं का विस्तार नहीं है, बल्कि यह सामाजिक समरसता और आपसी सद्भाव को मजबूत करने का भी माध्यम है।
मध्यमवर्गीय परिवारों को मिलेगी आर्थिक राहत
मुख्यमंत्री ने कहा कि जशपुर शहर के बीचों-बीच इस सर्वसुविधायुक्त भवन के बन जाने से विशेष रूप से मध्यमवर्गीय एवं आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को बड़ी राहत मिलेगी। अब विवाह, जन्मदिन, वर्षगांठ और अन्य पारिवारिक आयोजनों के लिए नागरिकों को महंगे निजी स्थलों पर अतिरिक्त खर्च नहीं करना पड़ेगा, जिससे परिवारों पर पड़ने वाला आर्थिक बोझ कम होगा।
इस अवसर पर रायगढ़ सांसद राधेश्याम राठिया, जशपुर विधायक रायमुनि भगत, नगर पालिका अध्यक्ष अरविंद भगत, जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय, सरगुजा संभागायुक्त नरेन्द्र दुग्गा, आईजी दीपक कुमार झा, कलेक्टर रोहित व्यास और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

