Crime News: फेसबुक पर आपत्तिजनक पोस्ट मामला; हिंदू देवी-देवताओं पर टिप्पणी करने पर शिक्षक हेमंत बेदी गिरफ्तार…NV News
Share this
NV News: छत्तीसगढ़ के जशपुरनगर जिले के कुनकुरी थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां हिंदू देवी-देवताओं और ऋषियों पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने के आरोप में पुलिस ने एक शिक्षक को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी शिक्षक हेमंत बेदी को विधिवत गिरफ्तार करने के बाद न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है। इस कार्रवाई से इलाके में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है।
कुनकुरी थाना प्रभारी भूपेंद्र चंद्रा से प्राप्त जानकारी के अनुसार, करनैल सिंह ने 15 अक्टूबर को थाने में आकर आधिकारिक रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि शिक्षक हेमंत बेदी ने अपने पर्सनल फेसबुक अकाउंट पर हिंदू देवी-देवताओं और ऋषियों के संबंध में बेहद आपत्तिजनक टिप्पणियां और पोस्ट शेयर किए हैं, जिससे सनातन धर्मावलंबियों की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं।
शिकायतकर्ता ने यह भी बताया कि इस अपमानजनक पोस्ट के कारण स्थानीय हिंदुओं में भारी नाराजगी है और इससे क्षेत्र का धार्मिक व सामाजिक सौहार्द बिगड़ने का अंदेशा था। इस मामले को लेकर विश्व हिंदू परिषद (विहिप) के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने भी कड़ा विरोध जताते हुए थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए त्वरित जांच की और प्राथमिक साक्ष्यों के आधार पर आरोपी हेमंत बेदी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 199 और 299 के तहत गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहाँ से उसे जेल भेज दिया गया है।

