PRISONER DEATH : जिला जेल में विचाराधीन बंदी की संदिग्ध मौत; परिजनों का आरोप- 40 हजार लेकर दोस्त को छोड़ा, बेटे को पीट-पीटकर मार डाला!…NV News

Share this

NV News, रायगढ़: रायगढ़ जिला जेल से एक बेहद सनसनीखेज और गंभीर मामला सामने आया है, जहां जेल में बंद एक विचाराधीन बंदी (Under-trial Prisoner) की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। मृतक की पहचान ग्राम नवापारा निवासी संजय बघेल के रूप में हुई है। बंदी की मौत की खबर मिलते ही परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने अस्पताल में जमकर हंगामा किया। परिजनों ने पुलिस और जेल प्रशासन पर बेहद संगीन आरोप लगाते हुए मामले की उच्च स्तरीय निष्पक्ष जांच की मांग की है।

मिली जानकारी के अनुसार, संजय बघेल को पिछले कुछ दिनों पहले आबकारी (शराब) से जुड़े एक मामले में गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। जेल में रहने के दौरान अचानक उसकी तबीयत बिगड़ने की बात कहकर उसे इलाज के लिए रायगढ़ मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था, जहां उपचार के दौरान आज उसने दम तोड़ दिया। इस घटना के बाद मृतक के पिता प्यारेलाल बघेल ने पुलिस की कार्यप्रणाली और जेल प्रबंधन पर सीधा हमला बोला है।

मृतक के पिता प्यारेलाल ने मीडिया के सामने आरोप लगाया है कि तीन दिन पहले पुलिस ने उनके बेटे संजय और उसके एक दोस्त को शराब बेचने के आरोप में पकड़ा था। आरोप है कि पुलिस ने उसके दोस्त को 40 हजार रुपए की रिश्वत लेकर सांठगांठ कर छोड़ दिया, लेकिन उनके बेटे संजय को जेल भेज दिया। पिता का आरोप है कि जेल के भीतर उनके बेटे के साथ बर्बरतापूर्वक मारपीट की गई, जिससे आई गंभीर चोटों के कारण उसकी जान चली गई। पीड़ित परिवार ने अब शासन-प्रशासन से इस पूरे मामले की कड़ाई से जांच करने और दोषी अधिकारियों-कर्मचारियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर कड़ी कार्रवाई करने की गुहार लगाई है।

Share this

You may have missed