EMPLOYEE WELFARE : NHM कर्मचारियों को साय सरकार की बड़ी सौगात; 33 दिन की हड़ताल का रुका वेतन मिलेगा, 27% सैलरी हाइक और ट्रांसफर पॉलिसी का भी ऐलान!….NV News

Share this

NV News, रायपुर: राजधानी रायपुर के इंडोर स्टेडियम में आयोजित छत्तीसगढ़ प्रदेश एनएचएम कर्मचारी संघ के प्रदेश स्तरीय महासम्मेलन में प्रदेश के राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) कर्मचारियों को साय सरकार ने बड़ी सौगात दी है। इस गरिमामय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल मुख्य रूप से शामिल हुए। सम्मेलन के दौरान मंच से संविदा स्वास्थ्य कर्मचारियों के हित में एक के बाद एक कई ऐतिहासिक और महत्वपूर्ण घोषणाएं की गईं, जिससे कर्मचारियों में भारी उत्साह का माहौल है।

सबसे बड़ी राहत देते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने ऐलान किया कि NHM कर्मचारियों का पूर्व में अपनी मांगों को लेकर की गई 33 दिनों की लंबी हड़ताल के दौरान का जो वेतन रोक दिया गया था, उसे अब पूरी तरह से जारी किया जाएगा। मुख्यमंत्री की इस मानवीय घोषणा से हजारों स्वास्थ्य कर्मियों को सीधे तौर पर आर्थिक राहत मिलेगी। सरकार के इस कदम को कर्मचारियों के प्रति संवेदनशीलता के रूप में देखा जा रहा है।

वहीं, स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल ने भी कर्मचारियों की झोली खुशियों से भर दी। उन्होंने NHM कर्मचारियों के लिए 27% लंबित वेतन वृद्धि (Salary Hike) को तत्काल मंजूरी देने, उनके लिए एक पारदर्शी ट्रांसफर पॉलिसी (स्थानांतरण नीति) लागू करने जैसी कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। स्वास्थ्य मंत्री ने यह भी बताया कि कर्मचारियों की लंबे समय से चली आ रही ‘ग्रेड पे’ की विसंगति को दूर करने के लिए एक विशेष कमेटी का गठन कर दिया गया है। इसके अलावा, अब कार्य मूल्यांकन प्रक्रिया (Appraisal System) में दावा-आपत्ति का भी कानूनी प्रावधान जोड़ा गया है, ताकि किसी भी कर्मचारी के साथ अन्याय न हो और वे अपनी बात मजबूती से रख सकें।

Share this

You may have missed