SIBLING MURDER : कलयुगी छोटे भाई का खूनी खेल; आपसी विवाद में बड़े भाई पर गैती से ताबड़तोड़ हमला कर उतारा मौत के घाट, आरोपी गिरफ्तार!…NV News
Share this
NV News, बेमेतरा: बेमेतरा जिले के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम ढारा में दिल दहला देने वाली हत्या की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहाँ एक कलयुगी छोटे भाई ने रिश्तों को तार-तार करते हुए, आपसी मामूली विवाद के चलते अपने ही सगे बड़े भाई पर गैती (Pickaxe) से ताबड़तोड़ हमला कर उसे बेरहमी से मौत के घाट उतार दिया। इस खूनी खेल के बाद पूरे गांव में मातम और हड़कंप का माहौल है।
मृतक की शिनाख्त 25 वर्षीय प्रदीप साहू के रूप में की गई है। जानकारी के मुताबिक, दोनों भाइयों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हुई थी, जो देखते ही देखते इतनी बढ़ गई कि छोटे भाई ने आपा खो दिया और पास ही रखी पैनी गैती उठाकर प्रदीप के सिर और शरीर पर कई वार कर दिए। गंभीर चोटें आने की वजह से प्रदीप ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। इस खौफनाक घटना के बाद से पीड़ित परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
घटना की सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस की टीम फौरन दल-बल के साथ ग्राम ढारा पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए वारदात को अंजाम देकर भागने की फिराक में घूम रहे आरोपी छोटे भाई को घेराबंदी कर तत्काल गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और हत्या में इस्तेमाल किए गए हथियार (गैती) को भी जब्त कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

