RAILWAY CONNECTIVITY : दशकों का सपना सच! इतिहास में पहली बार रेल मानचित्र पर आएगा जशपुर; केंद्र सरकार ने जारी की नई रेल लाइन की अधिसूचना!…NV News

Share this

NV News, रायपुर: छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले के इतिहास में आज का दिन सुनहरे अक्षरों में दर्ज हो गया है। दशकों पुरानी मांग और जशपुर वासियों का सपना अब हकीकत में बदलने जा रहा है। भारत सरकार के रेल मंत्रालय ने ‘धरमजयगढ़–पत्थलगांव–लोहरदगा’ नई रेल लाइन परियोजना को विशेष रेल परियोजना के रूप में अधिसूचित (Notified) कर दिया है। इस बड़ी अधिसूचना के जारी होने के साथ ही जशपुर जिला अब पहली बार देश के राष्ट्रीय रेल मानचित्र पर उभरने के लिए पूरी तरह तैयार है।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के लगातार और व्यक्तिगत प्रयासों का ही नतीजा है कि सालों से अटका यह बड़ा प्रोजेक्ट आखिरकार धरातल पर उतरने के निर्णायक मोड़ पर पहुंच गया है। लगभग 291.8 किलोमीटर लंबी यह महत्वाकांक्षी रेल लाइन रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ से शुरू होकर जशपुर के पत्थलगांव होते हुए पड़ोसी राज्य झारखंड के लोहरदगा स्टेशन तक जाकर जुड़ेगी। भारत के राजपत्र (Gazette) में इस अधिसूचना के प्रकाशित होते ही यह परियोजना आधिकारिक तौर पर प्रभावशील हो गई है।

प्राकृतिक संपदा से भरपूर यह वनांचल क्षेत्र अब तक केवल सड़क मार्ग पर निर्भर था, जिससे स्थानीय व्यापारियों, किसानों और छात्रों को बड़े शहरों तक जाने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता था। अब इस नई रेल कनेक्टिविटी के आने से जशपुर के सुगंधित चावल, मक्का, दलहन और बागवानी फसलों को देश की बड़ी मंडियों तक आसानी से पहुंचाया जा सकेगा, जिससे किसानों की आय दोगुनी होगी। इसके अलावा, जशपुर के खूबसूरत जलप्रपातों और घने जंगलों में पर्यटन को नई उड़ान मिलेगी, उद्योगों के लिए निवेश के रास्ते खुलेंगे और स्वास्थ्य-शिक्षा सेवाओं तक लोगों की पहुंच बेहद सुलभ और किफायती हो जाएगी। इस ऐतिहासिक कदम से पूरे जशपुर अंचल में जश्न और भारी उत्साह का माहौल है।

Share this

You may have missed