ENCOACHMENT ACTION : नगर निगम का बड़ा प्रहार; MMI हॉस्पिटल के सामने नाले पर बने 10 अवैध पाटों को बुलडोजर से ढहाया!…NV News
Share this
NV News, रायपुर: राजधानी रायपुर के नगर पालिक निगम जोन क्रमांक 10 के अंतर्गत आने वाले लालपुर क्षेत्र में आज निगम प्रशासन ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। रविंद्रनाथ टैगोर वार्ड क्रमांक 55 के तहत एमएमआई (MMI) हॉस्पिटल के ठीक सामने नाले पर बने बड़े आकार के लगभग 10 अवैध पाटों (कब्जों) को जमींदोज कर दिया गया है। निगम के इस कड़े एक्शन से अवैध कब्जाधारियों और अतिक्रमण करने वालों के बीच हड़कंप मच गया है।
इस पूरी कार्रवाई को थ्री डी (JCB) मशीन की सहायता से अंजाम दिया गया, ताकि नाला सफाई के रास्ते में आ रही सबसे बड़ी बाधा को पूरी तरह दूर किया जा सके। मानसून और बारिश के सीजन को देखते हुए नालों की सफाई बेहद जरूरी है, और ये अवैध निर्माण पानी के बहाव को रोक रहे थे। इस वजह से निगम प्रशासन ने बिना किसी ढिलाई के इन पक्के अवैध ढांचों को पूरी तरह से तोड़ दिया।
यह बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई नगर निगम जोन 10 के जोन कमिश्नर मोनेश्वर शर्मा के कड़े निर्देशों पर की गई। कार्रवाई के दौरान मौके पर जोन स्वास्थ्य अधिकारी अमित बेहरा खुद मौजूद रहे और उनकी देखरेख में नगर निगम जोन 10 के स्वास्थ्य विभाग के अमले ने पूरी मुस्तैदी के साथ अवैध पाटों को हटाने का काम पूरा किया, ताकि आने वाले दिनों में जलभराव की समस्या न हो।

