IPL Betting Crackdown: रायपुर पुलिस का मुंबई में बड़ा एक्शन, सट्टा किंग बाबू खेमानी समेत 7 गिरफ्तार; लग्जरी BMW कार और 18 मोबाइल जब्त…NV News
Share this
NV News- रायपुर पुलिस ने आईपीएल सीजन के दौरान ऑनलाइन सट्टेबाजी के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। पुलिस ने मुंबई और गोवा में दबिश देकर अंतरराष्ट्रीय सट्टा नेटवर्क के मास्टरमाइंड और मशहूर सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर बाबू खेमानी को उसके 6 अन्य साथियों के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी बाबू खेमानी ‘महादेव ऐप’ की तर्ज पर खुद का ऑनलाइन सट्टा सिंडिकेट ‘3 STUMPS’ चला रहा था। पुलिस ने इनके कब्जे से एक आलीशान BMW कार, 18 हाई-टेक मोबाइल फोन, लैपटॉप और लाखों रुपये के सट्टे का हिसाब-किताब जब्त किया है। रायपुर एसएसपी के निर्देश पर बनी स्पेशल टीम ने तकनीकी सर्विलांस के जरिए इस पूरे गिरोह का भंडाफोड़ किया।
पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि बाबू खेमानी पिछले काफी समय से फरार था और मुंबई व गोवा के आलीशान होटलों से अपना पूरा नेटवर्क ऑपरेट कर रहा था। यह सिंडिकेट केवल रायपुर ही नहीं, बल्कि भुवनेश्वर, पुणे और दुबई तक फैला हुआ है। आरोपी व्हाट्सएप और टेलीग्राम के जरिए सट्टा आईडी (ID) बेचते थे और करोड़ों रुपये का लेन-देन फर्जी बैंक खातों (Mule Accounts) के जरिए किया जा रहा था। पुलिस ने इस कार्रवाई में सट्टा सिंडिकेट से जुड़े कई महत्वपूर्ण बैंक खातों को भी फ्रीज कर दिया है, जिनमें भारी मात्रा में ट्रांजेक्शन के सबूत मिले हैं।
गिरफ्तार आरोपियों में बाबू खेमानी के अलावा उसके करीबी सहयोगी शामिल हैं, जो टेक्निकल सपोर्ट और पैसे के लेन-देन का काम संभालते थे। रायपुर पुलिस ने आरोपियों को ट्रांजिट रिमांड पर लेकर राजधानी लाया है, जहाँ उनसे सट्टा नेटवर्क के अन्य बड़े नामों के बारे में कड़ी पूछताछ की जा रही है। बताया जा रहा है कि बाबू खेमानी महादेव बुक, रेड्डी ग्रुप और डायमंड मास्टर जैसे ऑनलाइन पैनलों का भी संचालन कर रहा था। पुलिस की इस रेड से आईपीएल सट्टेबाजों के बीच हड़कंप मच गया है।
एसएसपी रजनेश सिंह ने बताया कि यह कार्रवाई रायपुर पुलिस की ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति का हिस्सा है। आने वाले दिनों में इस मामले में कई और बड़े खुलासे होने की उम्मीद है, क्योंकि पुलिस की नजर अब उन ‘वाइट कॉलर’ लोगों पर है जो पर्दे के पीछे से इस काले कारोबार को संरक्षण दे रहे थे। जब्त की गई बीएमडब्ल्यू कार और अन्य इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स की कुल कीमत करीब 60 लाख रुपये से अधिक आंकी जा रही है। रायपुर पुलिस की इस सफलता ने ऑनलाइन गैंबलिंग के खिलाफ चल रही मुहिम को और मजबूत कर दिया है।
