How to Make Makhana Kheer: न चीनी, न गुड़! 1 गिलास दूध और मुट्ठी भर मेवे से बनाएं मखाने की टेस्टी और हेल्दी खीर….NV News

Share this

NV News Raipur: सावन के पवित्र महीने में अगर आप व्रत रख रहे हैं और बिना चीनी व गुड़ के कुछ मीठा और सेहतमंद खाना चाहते हैं, तो ‘मखाने की खीर’ आपके लिए एक बेहतरीन और ऊर्जावान विकल्प है। सिर्फ 1 गिलास दूध, मुट्ठी भर मखाने और थोड़े से सूखे मेवों (ड्राय फ्रूट्स) की मदद से आप मिनटों में पौष्टिक और स्वादिष्ट खीर तैयार कर सकते हैं।

आवश्यक सामग्री:

मखाना: 1 से 2 कप

दूध: 1 गिलास (फुल क्रीम)

देशी घी: 1 चम्मच

ड्राई फ्रूट्स: काजू, बादाम, पिस्ता और कद्दू/सूरजमुखी के बीज (बारीक कटे हुए)

प्राकृतिक मिठास के लिए: खजूर का पेस्ट (Dates Paste), किशमिश या धागे वाली मिश्री

इलायची पाउडर: आधा छोटा चम्मच

बनाने की आसान विधि:

मखाने और मेवे भूनें: एक कढ़ाई में 1 चम्मच देशी घी गरम करें। इसमें मखाने और अपनी पसंद के ड्राई फ्रूट्स को धीमी आंच पर हल्का कुरकुरा होने तक भून लें। भुने हुए मखानों में से आधे मखानों को दरदरा कूट लें और बाकियों को साबुत रखें।

दूध उबालें: अब एक पैन में 1 गिलास दूध डालकर उबालें। जब दूध में उबाल आ जाए, तो आंच धीमी कर दें और इसे 4-5 मिनट तक गाढ़ा होने दें।

मखाने मिलाएं: उबलते हुए दूध में कुटे हुए और साबुत मखाने डालकर अच्छी तरह मिलाएं। धीमी आंच पर 5 से 7 मिनट तक पकने दें ताकि मखाने दूध को सोख लें और खीर गाढ़ी हो जाए।

बिना चीनी के लाएं मिठास: खीर में मिठास के लिए चीनी या गुड़ की जगह खजूर का पेस्ट, किशमिश या पिसी हुई धागे वाली मिश्री मिलाएं। साथ ही खुशबू और स्वाद के लिए इलायची पाउडर और भुने हुए ड्राई फ्रूट्स डालें।

परोसें: 2 मिनट तक पकाने के बाद गैस बंद कर दें। आपकी बिना चीनी वाली स्वादिष्ट और पौष्टिक मखाना खीर तैयार है। इसे आप सावन सोमवार के व्रत में गरम या ठंडी करके खा सकते हैं, जिससे आपको दिनभर एनर्जी मिलेगी।

Share this

You may have missed