GPM Road Accident: रफ्तार का कहर, ओवरटेक के चक्कर में स्कूटी सवार पिता-पुत्र की दर्दनाक मौत, मां गंभीर…NV News

Share this

NV News गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही। छत्तीसगढ़ के गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही (GPM) जिले के पेंड्रा नगर से एक बेहद हृदय विदारक और दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। यहाँ के मुख्य मार्ग पर रफ्तार और ओवरटेक की होड़ ने एक हंसते-खेलते परिवार की खुशियां पल भर में छीन लीं। तेज रफ्तार और बेकाबू भारी वाहन की लापरवाही के कारण एक मासूम बच्चे और उसके पिता को अपनी जान गंवानी पड़ी है, जिससे पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।

पेट्रोल पंप के पास कोयला लदे ट्रेलर ने स्कूटी को रौंदा

मिली जानकारी के अनुसार, पेंड्रा नगर के मुख्य मार्ग पर स्थित राय पेट्रोल पंप के पास यह भीषण दुर्घटना घटित हुई। एक परिवार स्कूटी पर सवार होकर जा रहा था, तभी कोयले से भरे एक तेज रफ्तार बेकाबू ट्रेलर ने ओवरटेक करने के चक्कर में स्कूटी को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कूटी सवार पिता और उनके मासूम पुत्र ने मौके पर ही तड़प-तड़पकर दम तोड़ दिया। वहीं, हादसे में बच्चे की मां गंभीर रूप से घायल हो गई है।

मां की हालत नाजुक, पुलिस ने शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और पेंड्रा थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंचे। पुलिस ने राहगीरों की मदद से गंभीर रूप से घायल महिला को तुरंत नजदीकी अस्पताल भिजवाया, जहाँ डॉक्टरों की देखरेख में उसका इलाज जारी है। महिला की हालत चिंताजनक बनी हुई है। पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और दुर्घटनाकारित कोयला ट्रेलर को जब्त कर फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है। स्थानीय नागरिकों ने इस मार्ग पर भारी वाहनों की बेकाबू रफ्तार पर लगाम लगाने की मांग की है।

Share this

You may have missed