किसानों का फूटा गुस्सा: खाद-बीज की किल्लत और बिजली कटौती को लेकर कांग्रेस का चक्काजाम, सहकारी समिति घेरी…NV News
Share this
NV News- छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले के फिंगेश्वर क्षेत्र में किसानों की समस्याओं और बुनियादी सुविधाओं की कमी को लेकर सियासी पारा गरमा गया है। क्षेत्र में खाद और बीज की भारी किल्लत, अघोषित बिजली कटौती, सामाजिक सुरक्षा पेंशन और प्रधानमंत्री आवास योजना के क्रियान्वयन में हो रही देरी के खिलाफ कांग्रेस ने मोर्चा खोल दिया है। अपनी 9 सूत्रीय मांगों को लेकर कांग्रेस नेताओं, कार्यकर्ताओं और स्थानीय किसानों ने एकजुट होकर सहकारी समिति का घेराव कर दिया और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
इस विरोध प्रदर्शन के दौरान आक्रोशित किसानों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने फिंगेश्वर मुख्य मार्ग पर चक्काजाम कर दिया, जिससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और आवागमन पूरी तरह ठप हो गया। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि खेती का सीजन शुरू होने के बावजूद किसानों को सोसायटियों से समय पर खाद और बीज नहीं मिल पा रहा है, जिससे उन्हें खुले बाजार से महंगे दामों पर सामग्रियां खरीदने को मजबूर होना पड़ रहा है। वहीं भीषण गर्मी में लगातार हो रही बिजली कटौती ने ग्रामीणों और किसानों की मुसीबत को दोगुना कर दिया है।
घेराव और चक्काजाम की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। कांग्रेस नेताओं और किसान प्रतिनिधियों ने साफ किया कि जब तक किसानों को पर्याप्त मात्रा में खाद-बीज की उपलब्धता सुनिश्चित नहीं की जाती और उनकी सभी जायज 9 सूत्रीय मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं होती, तब तक उनका यह आंदोलन चरणबद्ध तरीके से जारी रहेगा। प्रशासन द्वारा मांगों पर जल्द सकारात्मक पहल करने के आश्वासन के बाद ही प्रदर्शनकारी शांत हुए।

