सुशासन तिहार 2026: खलीबा क्लस्टर शिविर में पहुंचे 28 पंचायतों के ग्रामीण, मौके पर ही हुआ शिकायतों का समाधान…NV News
Share this
NV News- छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की मंशा के अनुरूप राज्य में ‘सुशासन तिहार 2026’ के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में समस्याओं के सीधे समाधान का दौर जारी है। इसी क्रम में सरगुजा जिले के अंबिकापुर जनपद पंचायत अंतर्गत ग्राम पंचायत खलीबा क्लस्टर में एक विशाल जनसमस्या निवारण शिविर आयोजित किया गया। इस शिविर का एकमात्र उद्देश्य सरकारी तंत्र और प्रशासन को सीधे जनता के बीच ले जाना है, ताकि ग्रामीणों की मांगें, शिकायतें और जरूरतें बिना किसी देरी के सीधे शासन तक पहुंच सकें।
इस शिविर में खलीबा क्लस्टर से जुड़ी 28 ग्राम पंचायतों के ग्रामीणों की भारी भीड़ उमड़ी। अपनी मूलभूत समस्याओं, पेंशन, राशन और राजस्व से जुड़े मामलों को लेकर ग्रामीण बड़ी उम्मीद के साथ पहुंचे थे। शिविर में विभिन्न सरकारी विभागों के काउंटर लगाए गए थे, जहां अधिकारियों ने ग्रामीणों से सीधे आवेदन लिए। संवेदनशीलता का परिचय देते हुए अधिकारियों ने कई आवेदनों की जांच कर मौके पर ही उनका त्वरित निराकरण कर दिया।
राज्य शासन की इस अनूठी पहल ‘सुशासन तिहार’ से ग्रामीणों का सरकारी कामकाज के प्रति भरोसा और मजबूत हुआ है। अब ग्रामीणों को अपने छोटे-छोटे काम के लिए ब्लॉक या जिला मुख्यालय के चक्कर नहीं काटने पड़ रहे हैं। अधिकारियों ने बताया कि इस अभियान का मुख्य लक्ष्य सुदूर अंचलों में बैठे अंतिम व्यक्ति तक पारदर्शिता के साथ शासन की योजनाओं का लाभ पहुंचाना और उनकी हर समस्या का समय पर समाधान करना है।

