Raipur Dominos Pizza Fined: डुमरतराई के डोमिनोज पिज्जा पर नगर निगम का शिकंजा, गंदगी मिलने पर ₹10,000 का ई-जुर्माना….NV News
Share this
NV News रायपुर। राजधानी रायपुर के डुमरतराई स्थित ‘लक्ष्मीकांत डोमिनोज पिज्जा’ दुकान में अस्वच्छता और गंदगी पाए जाने पर नगर पालिक निगम जोन 10 के स्वास्थ्य विभाग ने सख्त कार्रवाई की है। निगम आयुक्त संबित मिश्रा के निर्देश और जोन कमिश्नर मोनेश्वर शर्मा के मार्गदर्शन में हुई इस औचक कार्रवाई के दौरान पिज्जा आउटलेट पर 10,000 रुपये का ई-जुर्माना लगाया गया।
जनशिकायत पर त्वरित कार्रवाई:
नगर निगम को डुमरतराई स्थित उक्त डोमिनोज आउटलेट में स्वच्छता व्यवस्था को लेकर शिकायत प्राप्त हुई थी। शिकायत की सत्यता जांचने पहुँची निगम की टीम को मौके पर अत्यधिक गंदगी मिली। निरीक्षण के दौरान खाद्य सामग्रियों पर मक्खियाँ भिनभिनाती पाई गईं और ठोस अपशिष्ट प्रबंधन (Solid Waste Management) नियमों का भी खुला उल्लंघन होता मिला।
भविष्य के लिए सख्त चेतावनी:
शिकायत सही पाए जाने पर जोन 10 के स्वास्थ्य अधिकारी अमित बेहरा, स्वच्छता निरीक्षक यशवंत बेरिहा, राहुल वैष्णव और लक्की पाल की उपस्थिति में डोमिनोज पिज्जा के संचालक को भविष्य में स्वच्छता बनाए रखने की कड़ी चेतावनी दी गई। इसके साथ ही मौके पर ही 10 हजार रुपये का ई-जुर्माना वसूल कर जनशिकायत का त्वरित समाधान किया गया।

