रकम दोगुनी करने का झांसा देकर IT प्रोफेशनल से 20 लाख की साइबर ठगी, फेसबुक फ्रेंड ने लगाया चूना…NV News
Share this
NV News- छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में साइबर ठगों ने एक बार फिर एक पढ़े-लिखे युवक को अपनी जालसाजी का शिकार बनाया है। इस बार ऑनलाइन गेम में निवेश कर रकम दोगुनी करने का लालच देकर एक आईटी (IT) प्रोफेशनल से ₹20 लाख की मोटी रकम ठग ली गई है। पीड़ित की लिखित शिकायत के बाद राजधानी की टिकरापारा थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है और साइबर सेल की मदद से ठगों की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, रायपुर के देवपुरी स्थित हर्ष टावर के निवासी फारूक शेख, जो पेशे से आईटी मार्केटिंग का काम करते हैं, इस धोखाधड़ी के शिकार हुए हैं। पीड़ित ने अपनी शिकायत में बताया कि अप्रैल 2025 में फेसबुक के माध्यम से उनकी पहचान ‘अनाया चोपरा’ नाम की एक महिला से हुई थी। बातचीत के दौरान कथित महिला ने उन्हें एक ऑनलाइन गेमिंग ऐप में पैसे इन्वेस्ट कर कम समय में भारी मुनाफा कमाने का झांसा दिया, जिसके जाल में पीड़ित आसानी से फंस गया।
शुरुआत में थोड़ा निवेश करने पर पीड़ित को अच्छा रिटर्न दिखाया गया, जिससे उसका भरोसा बढ़ गया। इसके बाद उसने अलग-अलग किस्तों में कुल 20 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए। लेकिन जब फारूक ने अपनी रकम वापस निकालनी चाही, तो शातिर ठगों ने अकाउंट ब्लॉक कर दिया और संपर्क तोड़ लिया। ठगे जाने का अहसास होने पर पीड़ित ने पुलिस की शरण ली। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि ट्रांजैक्शन हिस्ट्री और आईपी एड्रेस के जरिए आरोपियों को ट्रेस करने का प्रयास किया जा रहा है।

