Crime News: दिनदहाड़े युवक का अपहरण, बेरहमी से पिटाई के बाद मौत; पुलिस पर लापरवाही के गंभीर आरोप
Share this
मुंगेली। जिले में कानून-व्यवस्था पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। दिनदहाड़े एक युवक का अपहरण कर उसकी बेरहमी से पिटाई किए जाने और बाद में उसकी मौत हो जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। इस घटना के बाद पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर मृतक के परिजनों ने गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए हैं।
जानकारी के मुताबिक यह पूरा मामला जरहागांव थाना क्षेत्र का है। बताया जा रहा है कि 26 दिसंबर की दोपहर, बरेला वार्ड क्रमांक 13 निवासी 20 वर्षीय राजकुमार धुरी को चार-पांच युवकों ने दिनदहाड़े अगवा कर लिया। आरोपियों ने राजकुमार को पंजाब बैंक के पास से जबरन कार में बैठाया और अपने साथ ले गए।
इसके बाद आरोपियों ने युवक को एक सुनसान इलाके में ले जाकर उसकी बेरहमी से पिटाई की। गंभीर रूप से घायल राजकुमार को आरोपी अधमरी हालत में उसके घर के बाहर छोड़कर फरार हो गए। परिजन तत्काल घायल युवक को स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां इलाज शुरू होने से पहले ही उसकी मौत हो गई।
घटना से सदमे में आए मृतक के पिता बेनी राम धुरी ने बताया कि करीब एक साल पहले गांव के ही एक व्यक्ति से राजकुमार का विवाद हुआ था। उन्हें आशंका है कि इसी पुरानी रंजिश के चलते उनके बेटे का अपहरण कर उसकी हत्या की गई है।
मृतक के परिजनों ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि घटना के तुरंत बाद वे शिकायत दर्ज कराने जरहागांव थाना पहुंचे, लेकिन पुलिस ने उनकी रिपोर्ट दर्ज किए बिना ही उन्हें वापस भेज दिया। परिजनों का कहना है कि यदि समय रहते पुलिस कार्रवाई करती, तो शायद उनके बेटे की जान बचाई जा सकती थी।
वहीं इस पूरे मामले पर थाना प्रभारी नंद लाल पैकरा ने मीडिया से चर्चा में बताया कि मारपीट की जानकारी मिली थी। उनके अनुसार मृतक के परिजन थाने आए थे, लेकिन रिपोर्ट लिखाए बिना ही वापस चले गए। युवक की मौत के बाद पुलिस अब परिजनों के बयान दर्ज कर आगे की कार्रवाई करने की बात कह रही है।
फिलहाल इस घटना के बाद पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े हो गए हैं। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।
