Crime News: चोरी के जेवर बिना दस्तावेज गिरवी रखने का मामला, बजाज फाइनेंस की महिला कर्मी गिरफ्तार

Share this

रायपुर। बिना वैध दस्तावेज चोरी के सोने-चांदी के जेवर गिरवी रखकर रकम दिलाने के मामले में राजेंद्र नगर थाना पुलिस ने बजाज फाइनेंस की एक महिला फायनेंसर कर्मी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी महिला को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार, पंडरी झंडा चौक निवासी सनोहर जहां को चोरी के जेवर गिरवी रखने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। यह मामला करीब दो माह पुराना है, जब एक नाबालिग सहित दो आरोपियों ने सूने मकान का ताला तोड़कर नकदी और कीमती जेवरात चोरी किए थे।

मिली जानकारी के मुताबिक, पुरैना परशुराम नगर निवासी सुशीला जाल ने 25 अक्टूबर को थाने में चोरी की शिकायत दर्ज कराई थी। पीड़िता ने बताया कि तबीयत खराब होने के कारण वह 4 अक्टूबर को ओडिशा स्थित अपने गांव गई हुई थी। जब वह वापस लौटी, तो घर का ताला टूटा हुआ मिला और नकदी सहित सोने-चांदी के जेवर गायब थे।

मामले की जांच के दौरान पुलिस ने आशीष नेताम और उसके एक नाबालिग साथी को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि चोरी किए गए जेवर तेलीबांधा स्थित बजाज फाइनेंस कंपनी में सनोहर जहां के पास गिरवी रखे गए थे।

आरोपियों के पास से मिली गिरवी स्लिप के आधार पर पुलिस ने बजाज फाइनेंस की महिला कर्मी को हिरासत में लिया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की विस्तृत जांच कर रही है और अन्य संलिप्त लोगों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है।

Share this

You may have missed