Crime News: अपहरण और हत्या के सनसनीखेज मामले में बड़ा खुलासा, पार्षद समेत सात आरोपी गिरफ्तार
Share this
मुंगेली। जरहागांव थाना क्षेत्र के ग्राम बरेला में हुए बहुचर्चित अपहरण और हत्या मामले में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। इस मामले में फरार चल रहे सात आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। चौंकाने वाली बात यह है कि गिरफ्तार किए गए आरोपियों में एक वर्तमान पार्षद भी शामिल है। मामले में अब तक कुल 12 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।
पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल ने जानकारी देते हुए बताया कि 26 दिसंबर की दोपहर बरेला निवासी राजकुमार धुरी (21) पंजाब नेशनल बैंक परिसर में मौजूद था। इसी दौरान आरोपियों ने योजनाबद्ध तरीके से एक राय होकर उसका अपहरण किया। युवक को जबरन वाहन में बैठाकर ठकुरीकापा नर्सरी ले जाया गया, जहां हाथ-मुक्कों और डंडों से बेरहमी से मारपीट की गई।
गंभीर रूप से घायल राजकुमार को आरोपियों ने उसके घर के सामने फेंक दिया और मौके से फरार हो गए। परिजन उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि इस पूरी वारदात के पीछे जमीन विवाद को लेकर पुरानी रंजिश थी। इसी के चलते हत्या की साजिश रची गई। इससे पहले 28 दिसंबर को पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था, जबकि सात आरोपी फरार चल रहे थे।
मुखबिर सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने 30 दिसंबर को प्रदीप उर्फ छोटू साहू, विनीत उर्फ चिंटू साहू, रवि निर्मलकर, राजा धुरी, प्रदीप ध्रुववंशी (पार्षद), मनीष साहू और योगेश साहू को गिरफ्तार किया। पूछताछ में सभी आरोपियों ने अपराध स्वीकार किया है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त वाहन, डंडा और अन्य आपत्तिजनक सामग्री भी जब्त की है। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। वहीं, अन्य फरार सहयोगियों और आरोपियों की तलाश के लिए अलग-अलग टीमें गठित की गई हैं।
अपहरण और मारपीट में शामिल था पार्षद
गिरफ्तार आरोपियों में बरेला नगर पंचायत वार्ड क्रमांक सात से निर्वाचित पार्षद प्रदीप ध्रुववंशी पिता स्व. पवन भी शामिल है। वह भाजपा की टिकट पर चुनाव जीतकर मात्र 25 वर्ष की उम्र में पार्षद बना था। पुलिस जांच में सामने आया है कि मृतक का बैंक से अपहरण करने और जंगल ले जाकर मारपीट करने में पार्षद की भी सक्रिय भूमिका थी।
मुंगेली पुलिस ने साफ किया है कि कानून से ऊपर कोई नहीं है। चाहे आरोपी किसी भी पद या राजनीतिक प्रभाव से जुड़ा हो, अपराध में शामिल होने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
वर्तमान में गिरफ्तार आरोपी:
1. प्रदीप उर्फ छोटू साहू, पिता संतोष, उम्र 27 वर्ष, निवासी बरेला
2. विनीत साहू उर्फ चिंटू, पिता राकेश, उम्र 20 वर्ष, निवासी बरेला
3. रवि निर्मलकर, पिता स्व. बिहारी लाल, उम्र 25 वर्ष, निवासी बरेला
4. राजा धुरी, पिता लक्ष्मीप्रसाद, उम्र 25 वर्ष, निवासी बरेला
5. प्रदीप ध्रुववंशी, पिता स्व. पवन, उम्र 25 वर्ष, निवासी बरेला (पार्षद)
6. मनीष साहू, पिता शिव, उम्र 22 वर्ष, निवासी बरेला
7. योगेश साहू, पिता जितेन्द्र, उम्र 25 वर्ष, निवासी खपरी, थाना नांदघाट, जिला बेमेतरा
