Cricket News: भारत–न्यूजीलैंड टी-20 मुकाबले से पहले स्टेडियम में एंट्री व्यवस्था बदली, दर्शकों की सुविधा पर खास फोकस
Share this
रायपुर। शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में 23 जनवरी को भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेले जाने वाले टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले को लेकर क्रिकेट प्रेमियों में जबरदस्त उत्साह है। इस बहुप्रतीक्षित मैच के सफल आयोजन को सुनिश्चित करने के लिए छत्तीसगढ़ क्रिकेट संघ (सीसीए) ने तैयारियां तेज कर दी हैं। खास बात यह है कि इस बार दर्शकों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए स्टेडियम की एंट्री व्यवस्था में अहम बदलाव किए गए हैं।
दरअसल, पिछले वर्ष दिसंबर में आयोजित वनडे मुकाबले के दौरान दर्शकों को भारी अव्यवस्थाओं का सामना करना पड़ा था। शाम के समय बड़ी संख्या में लोग स्टेडियम पहुंचे थे, लेकिन कई स्टैंड भर जाने के बाद एंट्री गेट बंद कर दिए गए थे। इससे नाराज दर्शकों ने विरोध प्रदर्शन किया और कुछ जगहों पर गेट तोड़ने की घटनाएं भी सामने आई थीं, जिससे स्टेडियम की संपत्ति को नुकसान पहुंचा था। इस घटना के बाद आयोजन व्यवस्था और सुरक्षा प्रबंधन पर सवाल उठे थे।
इन अनुभवों से सबक लेते हुए छत्तीसगढ़ क्रिकेट संघ ने इस बार बेहतर और व्यवस्थित योजना तैयार की है। सीसीए के अनुसार, टी-20 मुकाबले के दौरान स्टेडियम के आधा दर्जन से अधिक गेटों पर प्रवेश और निकास का समय पहले से निर्धारित किया जाएगा। दर्शकों को अलग-अलग समय स्लॉट में प्रवेश देने की व्यवस्था की जाएगी, ताकि एक साथ अत्यधिक भीड़ न जुटे और अव्यवस्था की स्थिति न बने।
इसके साथ ही टिकट जांच प्रक्रिया को तेज और सुचारु बनाने के लिए अतिरिक्त स्टाफ की तैनाती की जाएगी। सुरक्षा बलों की संख्या बढ़ाई जाएगी और पार्किंग व यातायात व्यवस्था पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा। संघ का दावा है कि स्टेडियम की क्षमता के अनुरूप ही टिकटों की बिक्री की गई है, जिससे किसी भी दर्शक को टिकट होने के बावजूद बाहर न रहना पड़े।
दर्शकों का कहना है कि पिछले वनडे मैच में उन्हें काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा था, लेकिन इस बार किए जा रहे बदलाव राहत भरे हैं। भारत–न्यूजीलैंड के बीच होने वाला यह टी-20 मुकाबला न सिर्फ क्रिकेट के लिहाज से अहम है, बल्कि आयोजन और व्यवस्थाओं की कसौटी भी साबित होगा।
