Corruption News: विधायक मद की सड़क बने बिना ही 90 फीसदी राशि निकाली, अधिकारी–ठेकेदार पर मिलीभगत का आरोप
Share this
कोरबा। कोरबा जिले में विधायक मद से बनने वाली सड़क में लाखों रुपये के घोटाले का मामला सामने आया है। करतला विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत बड़मार में सीसी रोड निर्माण के लिए स्वीकृत राशि का बड़े पैमाने पर दुरुपयोग किए जाने का आरोप लगा है। जानकारी के अनुसार सड़क निर्माण शुरू हुए बिना ही करीब 90 प्रतिशत भुगतान निकाल लिया गया, जिससे जनपद पंचायत स्तर पर हड़कंप मच गया है।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक वित्तीय सत्र 2025–26 में ग्राम पंचायत बड़मार में हाईस्कूल से मेन रोड तक सीसी सड़क निर्माण के लिए विधायक मद से 12 लाख रुपये की स्वीकृति दी गई थी। राशि जारी होने के बाद जिम्मेदार अधिकारियों और ठेकेदार की कथित मिलीभगत से बिना निर्माण कार्य कराए ही 10 लाख 80 हजार रुपये का आहरण कर लिया गया।
ग्रामीणों का कहना है कि आज तक न तो निर्माण सामग्री मौके पर पहुंची है और न ही सड़क निर्माण का कार्य शुरू हुआ है। इसके बावजूद कागजों में सड़क निर्माण दर्शाकर लाखों रुपये का भुगतान कर दिया गया। मामले के सामने आने के बाद भी अब तक किसी भी अधिकारी या ठेकेदार के खिलाफ ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।
इस पूरे मामले पर करतला जनपद पंचायत के सीईओ से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनका मोबाइल फोन बंद मिला, जिससे प्रशासनिक चुप्पी पर भी सवाल उठ रहे हैं।
भुगतान प्रक्रिया पर गंभीर सवाल
नियमों के अनुसार किसी भी निर्माण कार्य में भुगतान कार्य प्रगति के आधार पर ही किया जाता है, लेकिन इस मामले में नियमों को ताक पर रख दिया गया। जानकारी के अनुसार बिना सामग्री गिराए ही पहली किस्त के रूप में 50 प्रतिशत (6 लाख रुपये) का भुगतान कर दिया गया। इसके बाद भी जब ठेकेदार ने काम शुरू नहीं किया, तो अधिकारियों ने दूसरी किस्त 40 प्रतिशत (4 लाख 80 हजार रुपये) की राशि भी जारी कर दी।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब कार्य प्रारंभ ही नहीं हुआ, तो फिर भुगतान किस आधार पर किया गया?
बिना गुणवत्ता प्रमाण पत्र, उपयोगिता प्रमाण पत्र और कार्य सूचना बोर्ड के आखिर 90 फीसदी राशि का भुगतान कैसे हो गया? इन सवालों ने जनपद पंचायत करतला की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
अब देखना यह होगा कि जिला प्रशासन इस मामले में कोई सख्त कार्रवाई करता है या फिर पहले की तरह जांच के नाम पर मामला ठंडे बस्ते में डाल दिया जाता है।
