महाशिवरात्रि पर बाबा धाम पहुंचे CM विष्णुदेव साय: सपत्नीक की विशेष पूजा-अर्चना; कोसमनारा धाम के विकास के लिए 1.20 करोड़ की सौगात…NV News

Share this

महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय अपनी धर्मपत्नी श्रीमती कौशल्या साय के साथ रायगढ़ प्रवास पर रहे। मुख्यमंत्री ने देर रात करीब 1 बजे ग्राम कोसमनारा स्थित श्री श्री 108 श्री सत्यनारायण बाबा धाम पहुँचकर भगवान भोलेनाथ और तपस्यारत सत्यनारायण बाबा के दर्शन किए। उन्होंने विधिवत अभिषेक और पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली के लिए आशीर्वाद मांगा।

श्रद्धालुओं के लिए 1.20 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात

बाबा धाम की बढ़ती ख्याति और वहां उमड़ने वाली भारी भीड़ को देखते हुए मुख्यमंत्री ने जिला खनिज न्यास (DMF) मद से 1 करोड़ 20 लाख रुपये के विभिन्न विकास कार्यों का शिलान्यास किया।

शिलान्यास किए गए प्रमुख कार्य:

मुख्य भवन का सौंदर्यीकरण: मुख्य भवन के सामने ग्रेनाइट फर्श और शेड का निर्माण।

आगंतुक सुविधा: श्रद्धालुओं के विश्राम और भोजन के लिए भव्य शेड का निर्माण।

स्वच्छता परिसर: आधुनिक शौचालय परिसर का निर्माण।

पार्किंग एवं कनेक्टिविटी: पार्किंग क्षेत्र के लिए मजबूत सीमेंट कंक्रीट (CC) सड़क का निर्माण।

1998 से जारी है बाबा की अखंड साधना

मुख्यमंत्री ने इस दौरान बाबा धाम के आध्यात्मिक महत्व की सराहना की। रायगढ़ से 7 किलोमीटर दूर स्थित यह धाम अपनी अनूठी पहचान रखता है।

विशेषता: श्री सत्यनारायण बाबा वर्ष 1998 से खुले आसमान के नीचे कठोर तपस्या में लीन हैं। उन्होंने स्वयं पत्थरों को एकत्रित कर शिवलिंग का स्वरूप दिया था। कड़ाके की ठंड, तपती धूप या मूसलाधार बारिश—तीनों ऋतुओं में उनकी यह साधना अनवरत जारी है।

गुरुजनों का आशीर्वाद और जनता का विश्वास”

संबोधन के दौरान सीएम साय ने कहा कि कोसमनारा धाम श्रद्धा और आस्था का प्रमुख केंद्र है। यहां की आध्यात्मिक ऊर्जा समाज को सकारात्मक दिशा देती है। उन्होंने दोहराया कि उनकी सरकार गुरुजनों के आशीर्वाद और जनता के भरोसे के साथ जनकल्याण के मार्ग पर निरंतर आगे बढ़ रही है।

इस अवसर पर रायगढ़ के महापौर जीवर्धन चौहान, कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी, एसएसपी शशिमोहन सिंह सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और शिव भक्त उपस्थित थे।

Share this

You may have missed