वंदे मातरम के कथित अपमान पर भड़के सीएम साय, केरल की घटना को लेकर कांग्रेस पर साधा तीखा निशाना…NV News
Share this
NV News- छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने केरल में राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम’ के कथित अपमान को लेकर कांग्रेस और विपक्षी विचारधारा पर बड़ा राजनीतिक हमला बोला है। राजधानी रायपुर में मीडिया से चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री ने दो टूक शब्दों में कहा कि देश की राष्ट्रभक्त जनता ऐसे किसी भी व्यक्ति, विचारधारा या राजनीतिक दल को कभी बर्दाश्त नहीं करेगी, जो वंदे मातरम या भारत माता का अपमान करते हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि जिन्हें ‘भारत माता की जय’ बोलने से परहेज है, उनका आज देश के राजनीतिक पटल पर क्या हश्र हो रहा है, यह पूरी दुनिया के सामने है।
यह पूरा विवाद केरल विधानसभा सत्र के दौरान सामने आया, जहां केरल पुलिस बैंड ने राष्ट्रगीत वंदे मातरम की सिर्फ शुरुआती धुन बजाई। बताया जा रहा है कि राजभवन ने पूर्वाभ्यास (रिहर्सल) के दौरान पूरा राष्ट्रगीत बजाने के स्पष्ट निर्देश दिए थे, जिसे वहां की राज्य सरकार ने अस्वीकार कर दिया और सिर्फ शुरुआती हिस्सा बजाने की अपनी पुरानी परंपरा का हवाला दिया। इसी मामले को लेकर अब देश भर में सियासत गरमा गई है और भाजपा इसे राष्ट्रगीत के अनादर से जोड़कर कांग्रेस व सहयोगियों को घेर रही है।
इसके साथ ही, प्रदेश में मीसाबंदियों (आपातकाल के दौरान जेल गए लोग) की पेंशन को लेकर भी भाजपा और कांग्रेस के बीच जुबानी जंग तेज हो गई है। कांग्रेस द्वारा मीसाबंदियों को भाजपा के निजी फंड से पेंशन दिए जाने वाले बयान पर पलटवार करते हुए मुख्यमंत्री साय ने देश में लगाए गए आपातकाल (इमरजेंसी) के दौर की याद दिलाई। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की रक्षा के लिए जेल जाने वालों का सम्मान राज्य सरकार का कर्तव्य है, और कांग्रेस को अपने इतिहास पर आत्ममंथन करना चाहिए।

