नगर निगम के जोन 9 में ‘सुशासन तिहार’ शिविर आयोजित, अवैध नल कनेक्शनों पर कड़े एक्शन की चेतावनी…NV News
Share this
NV News- छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के नगर पालिक निगम जोन क्रमांक 9 के अंतर्गत आने वाले 7 वार्डों के नागरिकों के लिए गारमेंट फैक्ट्री पॉम बेलाजियो के सामने ‘सुशासन तिहार 2026’ जनसमस्या निवारण शिविर का भव्य आयोजन किया गया। इस शिविर की व्यवस्थाओं का प्रत्यक्ष निरीक्षण करने रायपुर उत्तर के विधायक पुरंदर मिश्रा, महापौर मीनल चौबे, सभापति सूर्यकांत राठौड़, जिला कलेक्टर डॉ. गौरव कुमार सिंह और निगम आयुक्त संबित मिश्रा सहित कई जनप्रतिनिधि और आला अधिकारी पहुंचे। भीषण गर्मी के बीच अधिकारियों ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए 15 से अधिक स्टॉलों का जायजा लिया और वहां मौजूद आम जनता से उनकी मांगों और समस्याओं को लेकर सीधे संवाद किया।
शिविर के दौरान महापौर मीनल चौबे ने नागरिकों से कड़क लहजे में अपील की कि वे अपने घरों के अवैध नल कनेक्शनों की जानकारी देकर उन्हें तत्काल वैध करवा लें, अन्यथा नगर निगम अभियान चलाकर उन्हें काटने की कड़ी कानूनी कार्रवाई करेगा। महापौर ने स्पष्ट किया कि वर्तमान शहर सरकार किसी भी अवैध कॉलोनी में कोई विकास कार्य नहीं कराएगी और न ही बिना तकनीकी जांच के बल्क कनेक्शन दिए जाएंगे। वहीं, सभापति सूर्यकांत राठौड़ ने कहा कि शिविर में विपक्षी दल के कार्यकर्ताओं द्वारा आवेदन देना इस अभियान के प्रति जनता के अटूट विश्वास का प्रतीक है। कलेक्टर डॉ. गौरव कुमार सिंह ने आश्वासन दिया कि शिविर में प्राप्त सभी आवेदनों का अधिकतम एक माह के भीतर नियमानुसार निराकरण कर पात्र लोगों को लाभान्वित किया जाएगा।
इस ‘सुशासन तिहार’ शिविर में मौके पर ही त्वरित कार्रवाई करते हुए सैकड़ों हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं का लाभ सीधे मंच से वितरित किया गया। शिविर में 15 पात्र हितग्राहियों को प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मकान निर्माण की स्वीकृति पत्र सौंपे गए। इसके अलावा आवेदन मिलते ही तत्काल 12 नागरिकों के लर्निंग लाइसेंस, 11 नए राशन कार्ड, ई-श्रम कार्ड और 5 लाख रुपये तक के मुफ्त इलाज वाले आयुष्मान कार्ड बनाकर वितरित किए गए। कृषि विभाग की ओर से किसानों को हरी खाद और कीट नियंत्रण किट बांटे गए, जबकि महिला एवं बाल विकास विभाग के स्टॉल पर गर्भवती माताओं की गोदभराई और नवजात शिशुओं के अन्नप्राशन की रस्म अदायगी भी की गई।

