TTF कोलकाता-2026 में छत्तीसगढ़ पर्यटन का परचम, राष्ट्रीय सम्मान से बढ़ी प्रदेश की साख…NV News
Share this
NV News रायपुर। ट्रैवल एंड टूरिज्म फेयर (टीटीएफ) कोलकाता-2026 में छत्तीसगढ़ पर्यटन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। 21 राज्यों की भागीदारी वाले इस प्रतिष्ठित आयोजन में छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड के अभिनव पवेलियन को ‘बेस्ट डेकोरेशन ऑफ स्टॉल एंड अपीयरेंस’ सम्मान से नवाजा गया। यह सम्मान राज्य की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, जनजातीय जीवन, प्राकृतिक पर्यटन स्थलों और आधुनिक पर्यटन दृष्टिकोण की प्रभावी प्रस्तुति के लिए दिया गया।
10 से 12 जुलाई तक आयोजित इस तीन दिवसीय पर्यटन मेले में छत्तीसगढ़ के पवेलियन ने पर्यटकों, टूर ऑपरेटरों और निवेशकों का विशेष ध्यान आकर्षित किया। बस्तर की जनजातीय संस्कृति, चित्रकोट और तीरथगढ़ जलप्रपात, कांगेर घाटी राष्ट्रीय उद्यान, सिरपुर, भोरमदेव, धार्मिक एवं इको-टूरिज्म स्थलों को आकर्षक ढंग से प्रदर्शित किया गया। इस दौरान पर्यटन निवेश, संयुक्त पर्यटन पैकेज, विपणन सहयोग और नई साझेदारियों को लेकर कई महत्वपूर्ण बी-टू-बी बैठकें भी आयोजित हुईं।
छत्तीसगढ़ पर्यटन बोर्ड ने इस सम्मान को राज्य के पर्यटन क्षेत्र के लिए नई उपलब्धि बताया। बोर्ड का कहना है कि इससे राज्य की राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पहचान और मजबूत होगी, पर्यटन निवेश बढ़ेगा तथा देश-विदेश से अधिक पर्यटक छत्तीसगढ़ की ओर आकर्षित होंगे। साथ ही यह सम्मान राज्य को देश के प्रमुख पर्यटन गंतव्यों में स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगा।

